महिला कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ने उठाया चंडीगढ़ में नाबालिग बच्चियों की गमशुदगी का मामला

पीएम मोदी संज्ञान लें और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करें: दीपा दुबे

कहा- ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा जमीन पर अमल होता दिखना चाहिए, न कि सिर्फ एक चुनावी जुमला बनाकर छोड़ दिया जाए, चंडीगढ़ में 302 बच्चे अभी तक लापता

CHANDIGARH, 16 JULY (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष दीपा दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चंडीगढ़ दौरे पर नाबालिग बच्चियों से जुड़े अपराध को लेकर सवाल उठाए हैं। पेशे से वकील दीपा दुबे ने प्रधानमंत्री का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा है कि पिछले कुछ वर्षों में संसद में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़ों और राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो के डेटा के अनुसार चंडीगढ़ में 18 वर्ष से कम उम्र की 800 से अधिक लड़कियां छह साल की अवधि में लापता हुई हैं। इन मामलों में महिलाओं के लापता होने के मामले भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार लापता बच्चों के अधिकांश मामलों में करीब 97 प्रतिशत घटनाएं घर से भागने (रन-अवे) से जुड़ी पाई गई हैं, जिनमें किशोरियों की संख्या अधिक है। दीपा दुबे ने कहा कि पारिवारिक विवाद, प्रेम संबंध, सामाजिक दबाव और अन्य व्यक्तिगत कारण ऐसे मामलों के पीछे प्रमुख वजह होते हैं। उन्होंने कहा कि हालिया उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-2024 के दौरान कुल 4069 लोगों के लापता होने के मामले दर्ज किए गए हैं, जिसमें महिलाओं और किशोरियों की हिस्सेदारी अधिक बताई गई है।

एनसीआरबी की रिपोर्ट के अनुसार चंडीगढ़ में वर्ष 2024 के दौरान 545 बच्चों की गुमशुदगी दर्ज की गई, जिनमें 354 लड़कियां और 191 लड़के शामिल थे। इनमें से 243 बच्चों को ट्रेस किया गया, जबकि 302 बच्चे अब भी लापता हैं। दीपा दुबे ने कहा है कि लापता बच्चों के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी चिंता का विषय है और इसके लिए परिवार, समाज और प्रशासन को मिलकर काम करने की जरूरत है, ताकि बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा चंडीगढ़ शहर में सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की है कि वह इस पर खुद संज्ञान लें। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा जमीन पर अमल होता दिखना चाहिए, न कि सिर्फ एक चुनावी जुमला बनाकर छोड़ दिया जाए। दीपा दुबे ने प्रधानमंत्री मोदी से कहा है कि देश की आधी आबादी महिलाओं की सुरक्षा को सुनिश्चित करना प्रधानमंत्री की जिम्मेदारी और धर्म भी है।

error: Content can\\\'t be selected!!