ज्ञानचंद गुप्ता ने कवियत्री नीरू मित्तल ‘नीर’ की पुस्तक ‘चट्टान पर खिले फूल’ का किया विमोचन

संवाद साहित्य मंच ने आयोजित किया कार्यक्रम, प्रेम विज समेत कई साहित्यकार मौजूद रहे

CHANDIGARH, 20 SEPTEMBER: हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने आज अपने निवास स्थान सेक्टर-2 चंडीगढ़ में प्रसिद्ध कवियत्री नीरू मित्तल ‘नीर’ के नव प्रकाशित लघुकविता संग्रह ‘चट्टान पर खिले फूल’ का विमोचन किया। गुप्ता ने कवियत्री को मुबारकबाद देते हुए कहा कि उनकी कविताएं समाज को नई दिशा देंगी। यह कार्यक्रम संवाद साहित्य मंच की ओर से आयोजित किया गया था।

मंच के अध्यक्ष व वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज ने कहा कि काव्य संग्रह की कविताएं आपसी रिश्तों तथा सामाजिक विडंबनाओं का दर्पण हैं। प्रसिद्ध समाजसेवी, कवि और फोरा के प्रधान आरपी मल्होत्रा ने बताया कि नीरू मित्तल ‘नीर’ की अभी तक विभिन्न विधाओं में पांच पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। इस अवसर पर मंच के उपाध्यक्ष डॉ. विनोद शर्मा, उपन्यासकार लाजपत राय गर्ग, रविंद्र मित्तल, राष्ट्रीय कवि संगम कि अध्यक्ष संतोष गर्ग, रेनू अब्बी, उषा गर्ग और संतोष गर्ग भी उपस्थित थीं।

पुस्तक में संकलित लघु कविताओं में सामाजिक ताना-बाना, विषमताएं, नारी मन, आध्यात्मिकता, जिजीविषा, प्रेम, रिश्ते जिंदगी की दुरूह राहों पर चलते मानव का सजीव चित्रण मिलता है। लेखिका ने कहा कि इन कविताओं को लिखते समय मेरे आंगन में चहचहाने वाली चिड़िया से लेकर हवा, पेड़, सूरज की रोशनी, ओस की बूंदे, नदिया, तालाब सभी मेरे साथी रहे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!