चंडीगढ़ में कांग्रेसजनों ने गले में टमाटर की माला डालकर महंगाई के खिलाफ किया जोरदार प्रदर्शन

सौ दिन में महंगाई कम करने का वायदा कर सत्ता में आई मोदी सरकार 9 साल बाद भी कीमतें कंट्रोल करने में विफलः एचएस लक्की

inflation in india CHANDIGARH, 29 JUNE: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने जरूरी वस्तुओं की बढ़ती कीमतों को लेकर आज सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस कार्यालय के बाहर एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकत्र हुए और बढ़ती महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। वे हाथों में तख्तियां लिए हुए थे, गले में टमाटरों की माला पहने हुए थे और विभिन्न सब्जियों से भरे गिफ्ट बाक्स हाथ में उठा रखे थे। बैकग्राउंड में ‘महंगाई डायन खाय जात है’ गाना बज रहा था।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि विडंबना यह है कि मोदी सरकार ने सौ दिनों में महंगाई और बढ़ती कीमतों को कम करने का वायदा किया था, लेकिन अपने शासन के 9 साल बाद भी वह ऐसा करने में विफल रही। उन्होंने कहा कि आज लोग हर दिन बढ़ती कीमतों के दबाव से जूझ रहे हैं, चाहे वह सब्जियां हों, खाद्य तेल, दालें, पैट्रोल, डीजल या गैस सिलेंडर हो। टमाटर की कीमतें 100 रुपए किलो, फूलगोभी 80 रुपए किलो, दाल 150-220 रुपए तक पहुंच गई हैं। गैस सिलेंडर 1110 रूपए का हो गया है।

कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष मीनाक्षी चौधरी और नंदिता हुड्डा ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण महिलाओं को अपनी रसोई चलाने में दिक्कत महसूस हो रही है। महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अनीता शर्मा ने कहा कि आज लोगों की कमाई बढ़ नहीं पा रही है और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें हर दिन बढ़ रही हैं। पार्टी के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि कांग्रेस महंगाई रोकने में मोदी सरकार की विफलता को उजागर करने के लिए आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर और अधिक विरोध प्रदर्शन आयोजित करेगी।

आज के विरोध प्रदर्शन में भाग लेने वालों में भजन कौर, सरोज शर्मा, ओम लता, बलविन्दर कौर, मैरी जार्ज, गुलशन वर्मा, गीता, विक्रम चोपड़ा, अच्छे लाल गौड़, राजीव मोदगिल, नसीब जाखड़, बृजमोहन खन्ना, सुरजीत सिंह ढिल्लों, राजदीप सिद्धू, प्रवीण नारंग बंटी, गुरचरण, बिरेन्द्र राय, नितिन कंवल नवी, मनोज गर्ग, संजीव गाबा, जानू मलिक और सुखविन्दर सिंह प्रमुख थे।

error: Content can\\\'t be selected!!