कल की निगम हाउस मीटिंग और F&CC चुनाव के लिए इंडिया गठबंधन ने बनाई रणनीति, फ्री पानी व पार्किंग के प्रस्ताव भी रखे जाएंगे

शहर के विकास को अवरुद्ध करने की भाजपा की कोशिशों को इंडिया गठबंधन कामयाब नहीं होने देगाः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 10 MARCH: चंडीगढ़ नगर निगम हाउस की कल होने वाली बैठक के लिए रणनीति तैयार करने को आज कांग्रेस व आम आदमी पार्टी (इंडिया गठबंधन) ने अपने सभी पार्षदों के साथ एक मीटिंग की। इसमें कल ही भाजपा छोड़कर वापस आम आदमी पार्टी में लौटीं पार्षद नेहा मुसावत तथा पूनम ने भी भाग लिया। उल्लेखनीय है कि नगर निगम हाउस की कल होने वाली बैठक में निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति का भी चुनाव होगा। आम आदमी पार्टी की दोनों पार्षदों नेहा व पूनम के वापस पार्टी में लौटने से अब भाजपा के मुकाबले इंडिया गठबंधन का पलड़ा भारी हो गया है।

बता दें कि नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति बहुत महत्वपूर्ण है। शहर के विकास कार्यों समेत निगम के तमाम मामलों में वित्तीय फैसलों के लिए प्रस्ताव सबसे पहले इसी समिति के समक्ष रखे जाते हैं। इस समिति की मंजूरी के बाद इन प्रस्तावों को सभी पार्षदों की स्वीकृति के लिए नगर निगम हाउस की मीटिंग में रखा जाता है। इस वर्ष के लिए अभी तक निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति का चुनाव न होने से चालू वित्तीय वर्ष का बजट इस समिति के समक्ष नहीं रखा जा सका था। यही कारण था कि गत 6 मार्च को मेयर कुलदीप कुमार ने जब निगम हाउस की बजट बैठक बुलाई तो प्रशासन ने उसे अवैध करार दे दिया था, क्योंकि निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति से बजट पारित हुए बिना उसे निगम हाउस की बैठक में नहीं रखा जा सकता। अब कल नगर निगम हाउस की बैठक में सबसे पहले निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति का चुनाव होगा। इसके लिए भाजपा व इंडिया गठबंधन के तीन-तीन पार्षदों ने नामांकन दाखिल किया है।

माना जा रहा है कि निगम हाउस की कल की बैठक में भाजपा भी इंडिया गठबंधन को घेर सकती है। बैठक में हंगामा भी हो सकता है। इसको देखते हुए वित्त एवं अनुबंध समिति के चुनाव समेत निगम हाउस की बैठक को मैनेज करने तथा भाजपा के हमले को कमजोर करने के लिए आज चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी डा. एसएस अहलूवालिया तथा मेयर कुलदीप कुमार की अध्यक्षता में कांग्रेस व आम आदमी पार्टी के पार्षदों की एक बैठक हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बताया कि कल की निगम हाउस मीटिंग में यदि भाजपा ने कोई व्यवधान डालने की कोशिश की तो उसे इंडिया गठबंधन के पार्षद कड़ा जवाब देंगे। लक्की ने कहा कि भाजपा अपने राजनीतिक हितों के लिए चंडीगढ़ के विकास को अवरुद्ध करना चाहती है लेकिन इंडिया गठबंधन भाजपा की इस तरह की कोशिशों को कभी कामयाब नहीं होने देगा। लक्की ने बताया कि कल निगम हाउस की मीटिंग में चंडीगढ़वासियों को फ्री वाहन पार्किंग तथा फ्री पानी की सप्लाई के प्रस्ताव भी लाए जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!