जन सुविधा शौचालय सफाई सेवक यूनियन चंडीगढ़ ने एसडीओ के खिलाफ खोला मोर्चा, हड़ताल की चेतावनी

CHANDIGARH: जन सुविधा शौचालय सफाई सेवक यूनियन चंडीगढ़ ने आज एसडीओ गुरचरण सिंह के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। यूनियन ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक शौचालयों में कई साल से काम कर रहे कर्मचारियों को हटाकर नए लोगों को पैसे लेकर रखा जा रहा है। 20 से 30,000 रुपए प्रति व्यक्ति तक लिए जा रहे हैं। यह सरासर शोषण है। यूनियन ने उच्चाधिकारियों से इस मामले की जांच कराकर कड़ी कार्रवाई करने व पुराने कर्मचारियों का शोषण रोकने की मांग की।

जन सुविधा शौचालय सफाई सेवक यूनियन चंडीगढ़ के अध्यक्ष अशोक बेनीवाल तथा मुख्य संरक्षक ओमप्रकाश सैनी ने कहा कि चंडीगढ़ के प्रशासक के पूर्व सलाहकार मनोज परिदा ने एक नोटिफिकेशन जारी किया था कि कोई भी ठेकेदार या कोई भी अफसर अगर मजदूरों का शोषण करता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी लेकिन जन सफाई सुविधा शौचालय सफाई सेवकों का शोषण रुक नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी मांग पर अब कार्रवाई नहीं की गई तो सभी जन सफाई सुविधा शौचालय सफाई सेवक हड़ताल करने को मजबूर होंगे। उन्होंने बताया कि शहर में तमाम सार्वजनिक शौचालयों पर करीब ढाई हजार सफाई सेवक काम करते हैं। यह सभी अपने शोषण को लेकर परेशान हैं। अशोक बेनीवाल के नेतृत्व में आज किए गए प्रदर्शन के दौरान ज्ञानी राम बागड़ी, रामकुमार चेयरमैन और सुरेश बागड़ी व ओम प्रकाश सैनी के अलावा तमाम सफाई सेवक मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!