सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति का ऐलानः चंडीगढ़ में सफाई कार्य ठेके पर दिया तो होगा कड़ा संघर्ष

CHANDIGARH: सफाई कर्मचारी संघर्ष समिति चंडीगढ़ की एक मीटिंग आज सफाई कर्मचारी यूनियन एमसी चंडीगढ़ के पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा तथा ओमपाल सिंह चावर की अगुवाई में हुई। इसमें ऐलान किया गया कि अगर चंडीगढ़ में नगर निगम द्वारा सफाई के कार्य को ठेके पर दिया जाएगा तो चंडीगढ़ की तमाम ट्रेड यूनियनें व तमाम वाल्मीकि समाज इकट्ठे होकर कड़ा संघर्ष करेगा। आवश्यकता पडऩे पर ‘काम छोड़ हड़ताल’ भी की जा सकती है। मीटिंग के दौरान ठेकेदारी प्रथा के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।

मीटिंग के बाद मेयर रविकांत शर्मा, नगर निगम आयुक्त, निगम की सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन भरत कुमार एवं सभी पार्षदों को एक पत्र लिखकर मीटिंग के फैसले से अवगत कराया गया। इसमें सफाई कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रधान कृष्ण कुमार चड्ढा ने कहा कि पिछले दिनों पंजाब सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि पंजाब में ठेकेदारी पर कार्यरत सफाई कर्मचारियों को अति शीघ्र पक्का किया जाएगा लेकिन चंडीगढ़ नगर निगम में सत्तापक्ष व नगर निगम के अधिकारी ठेका कम्पनी के साथ मिलीभगत करके चंडीगढ़ में सफाई कार्य को ठेके पर देने जा रहे हैं, जिसका सभी सफाई कर्मचारी कड़ा विरोध करते हैं।

चड्ढा ने कहा कि यूनियन मांग करती है कि पंजाब की तर्ज पर चंडीगढ़ में भी ठेके पर कार्यरत सभी सफाई कर्मचारियों को नियमित किया जाए और चंडीगढ़ में सफाई के कार्य को ठेके पर न दिया जाए।

error: Content can\\\'t be selected!!