पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला के साथ मिलकर लोगों ने दूसरे दिन भी हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ किया प्रदर्शन

कड़े विरोध को देखते हुए हाउसिंग बोर्ड की टीम आज मकानों की तोड़फोड़ के लिए नहीं पहुंची

CHANDIGARH, 2 APRIL (ANewsoffice): सेक्टर-41 में स्थित चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के मकानों में कुछ लोगों द्वारा अपनी जरूरतों के हिसाब से किए गए निर्माणों को तोड़ने के लिए हाउसिंग बोर्ड द्वारा शुरू की गई कार्रवाई का पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला ने लोगों के साथ मिलकर आज दूसरे दिन भी विरोध किया और हाउसिंग बोर्ड के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।

गौरतलब है कि कल 1 अप्रैल को हाउसिंग बोर्ड के कर्मचारियों ने चंडीगढ़ पुलिस के साथ मिलकर सेक्टर 41-ए स्थित कुछ मकानों में जरूरतों के मुताबिक किए गए निर्माणों को तोड़ दिया था। जैसे ही वार्ड में इस कार्रवाई की खबर फैली, इलाके के पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला मौके पर पहुंचे और लोगों के साथ मिलकर हाउसिंग बोर्ड और चंडीगढ़ प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला ने कहा कि लोगों ने लाखों रुपए खर्च करके जो मकान खरीदे थे, उनमें उन्होंने परिवार की बढ़ती जरूरत के मुताबिक छोटे-मोटे निर्माण किए हैं। पहले हाउसिंग बोर्ड ने इन मकानों के अलॉटियों में नोटिस भेजकर इन लोगों को परेशान किया और अब उनके जमानों पर हथौड़ा चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने यह हथौड़ा मकानों पर नहीं, बल्कि इनमें रहने वाले लोगों के दिलों पर चलाया है, जो बर्दाश्त से बाहर है। कल की इस कार्रवाई से परेशान होकर पार्षद हरदीप सिंह बुटेरला ने आज भी स्थानीय लोगों को साथ लिया और पैदल मार्च करते हुए इलाके में विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही हाउसिंग बोर्ड की कार्रवाई को रोकने के लिए लोगों को एकजुट किया।

उन्होंने कहा कि हाउसिंग बोर्ड की टीम को आज भी मौके पर पहुंचना था लेकिन लोगों के कड़े विरोध को देखते हुए टीम नहीं आई। बुटेरला ने लोगों से एकजुट रहने की अपील की और कहा कि अगर जरूरत पड़े तो तुरंत एक साथ आकर विरोध प्रदर्शन करें, ताकि प्रशासन की मनमानी का उचित जवाब दिया जा सके।

error: Content can\\\'t be selected!!