कुमाऊं सभा चंडीगढ़ का चुनाव कलः नगरकोटी व जगदीश शर्मा गुट आमने-सामने, प्रचार में दोनों ने ताकत झोंकी

प्रधान पद के लिए दो, महासचिव व कोषाध्यक्ष के लिए तीन-तीन उम्मीदवार मैदान में, मतदान के जरिए होगा चुनाव

CHANDIGARH, 7 OCTOBER: कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के नए पदाधिकारियों का चुनाव कल यानी 8 अक्तूबर को होगा। चंडीगढ़ में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों के इस प्रतिष्ठित संगठन के चुनाव को लेकर उम्मीदवार पिछले कई दिनों से मतदाताओं के बीच जाकर अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। चुनाव की पूर्व संध्या पर आज सभी प्रत्याशियों ने अपने प्रचार अभियान में पूरी ताकत झोंक दी। इस चुनाव में मुख्य रूप से दो गुट आमने-सामने हैं।

कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के चुनाव अधिकारी बीडी बेलवाल ने बताया कि यह चुनाव सभा के प्रधान, महासचिव व कोषाध्यक्ष पद के लिए हो रहा है। तीन साल के लिए होने वाले इस चुनाव की प्रक्रिया प्राचीन शिव शक्ति सनातन धर्म मंदिर, बिजली बोर्ड कालोनी सेक्टर 28-बी में पूरी होगी। मुख्य चुनाव अधिकारी राम सिंह मेहरा ने बताया कि चुनाव में कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के संरक्षक एवं आजीवन सदस्य अपना वैध पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में प्रधान पद के लिए दो, महासचिव के लिए तीन तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार आमने-सामने हैं। उन्होंने बताया कि मतदान के बाद उसी दिन चुनाव परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।

चुनाव प्रचार करते हुए प्रधान पद के उम्मीदवार जगदीश शर्मा व अन्य।

उल्लेखनीय है कि कुमाऊं सभा के प्रधान पद पर पिछले करीब 15 साल से बच्चन सिंह नगरकोटी सर्वसम्मति से काबिज थे। चंडीगढ़ में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों के कद्दावर नेता माने जाने वाले बच्चन सिंह नगरकोटी अब व्यक्तिगत कारणों से पद मुक्त होना चाहते थे लेकिन संगठन के प्रति उनकी सक्रियता कम नहीं हुई है। इस चुनाव में भी नगरकोटी पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहे हैं। नगरकोटी व उनके गुट ने प्रधान पद का चुनाव लड़ रहे मनोज रावत को अपना समर्थन दिया है। उनका चुनाव चिह्न उगता सूरज है। नगरकोटी गुट से ही महासचिव पद के लिए दीपक परिहार और कैशियर पद के लिए नारायण सिंह रावत उगता सूरज चिन्ह पर चुनाव लड़ रहे हैं। आज चुनाव प्रचार के दौरान बच्चन सिंह नगरकोटी के अलावा सभा के मीडिया प्रभारी शशि प्रकाश पांडेय, बिशन सिंह कंडारी, धन सिंह रावत, दलीप सिंह रावत, बलबीर रावत, हरीश कंडारी, कृष्णा बेलवाल, केशव तिवारी, कृपाल सिंह, गोकुल नगरकोटी, पूर्ण गुसांईं, लक्ष्मण सिंह बिष्ट, मोहन सिंह फर्सवान, हर सिंह डंगवाल आदि सीनियर मैंबर उपस्थित रहे।

चुनाव प्रचार के दौरान नगरकोटी गुट।

दूसरी तरफ, इस चुनाव में नगरकोटी गुट को चुनौती दे रहे जगदीश शर्मा का खेमा भी अपने चुनाव प्रचार अभियान में जोरशोर से जुटा हुआ है। जगदीश शर्मा गुट से कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के प्रधान पद के लिए खुद जगदीश शर्मा, महासचिव पद के लिए होशियार सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद के लिए महेश चंद्र चुनाव लड़ रहे हैं। इनका चुनाव चिह्न जलती मशाल है। बता दें कि कुमाऊं सभा चंडीगढ़ के पदाधिकारियों के लिए करीब 15 साल बाद मतदान के जरिए चुनाव हो रहा है। चुनाव लड़ रहे नगरकोटी व जगदीश शर्मा गुट अपना-अपना चुनाव घोषणा पत्र पहले ही जारी कर चुके हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!