साहित्य लेखन एक साधना है: सुभाष भास्कर

संवाद साहित्य मंच ने ‘एक शाम साहित्यकार के नाम’ कार्यक्रम का किया आयोजन, कई कवियों ने की शिरकत

CHANDIGARH, 4 SEPTEMBER: साहित्य लेखन एक साधना है। यह लोकप्रियता का शार्टकट नहीं है। यह कहना है लेखक सुभाष भास्कर का। वे आज यहां आयोजित संवाद साहित्य मंच के एक शाम साहित्यकार के नाम कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि लेखन के प्रति उनका शौक कालेज के समय ही शुरू हो गया था। फिर समय के साथ यह बढ़ता ही गया। नौकरी के समय कुछ धीमा हो गया था, क्योंकि ज्यादा समय काम में व्यतीत हो जाता था।

भास्कर ने बताया कि कविता व कहानी के साथ जीवनी लेखन भी उनकी प्रिय विधा रही है। वे लेखन के साथ-साथ रक्तदान अभियान में भी सक्रिय रहे हैं। इसे लोकप्रिय बनाने के लिए भरसक प्रयास किए। वे स्वयं भी बहुत बार रक्तदान कर चुके हैं। सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भाग लिया। इसके लिए चंडीगढ़ से दिल्ली तक साइकिल यात्रा भी की। 

मंच के अध्यक्ष प्रेम विज ने भास्कर का परिचय देते हुए बताया कि उनकी पंजाबी व हिन्दी में 20 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं। पंजाब सरकार के स्टेट अवार्ड के साथ-साथ उन्हें अनेक राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से भी सम्मानित किया गया है। वर्तमान में चंडीगढ़ साहित्य अकादमी में सचिव पद पर रहते हुए साहित्य को बढ़ावा दे रहे हैं।

आरंभ में हिंदी के वयोवृद्ध साहित्यकार एवं आलोचक प्रो. रमेश कुतंल मेघ तथा पंजाबी के प्रसिद्ध कवि सेवी रयात को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए 2 मिनट का मौन धारण किया गया।

गोष्ठी के मुख्य अतिथि आचार्यकुल के अध्यक्ष केके शारदा ने भास्कर को मुबारकवाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। अध्यक्ष के रूप में श्रीराम अर्श और डा. कैलाश अहलुवालिया उपस्थित रहे। डॉ. विनोद शर्मा उपाध्यक्ष ने मेहमानों का स्वागत और महासचिव नीरू मित्तल ने धन्यवाद किया। कार्यक्रम के आरंभ में सोमेश ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। 
काव्य पाठ में चंडीगढ़ ट्राईसिटी के लगभग दो दर्जन हिन्दी, पंजाबी व उर्दू के कवियों ने गीत, गजल व कविताओं से माहौल को काव्यमय बना दिया। जिन कवियों ने भाग लिया, उनमें डॉ. अनीश गर्ग, डॉ. शशि प्रभा, डॉ. सुशील हसरत नरेलवी, डॉ. गुरदीप कौर गुल, बीके गुप्ता, डॉ. विनोद शर्मा, उर्मिल कौशिक सखी, प्रेम विज, डॉ. कैलाश आहलुवालिया, श्रीराम अर्श, नीरू मित्तल ‘नीर’, संगीता शर्मा कुन्दरा, डॉ. उमा शर्मा, लाजपत राय गर्ग, सुभाष शर्मा, राज विज, अलका कांसरा, डॉ. दलजीत कौर, डेजी बेदी शामिल थीं।

error: Content can\\\'t be selected!!