छाबड़ा के नेतृत्व में आज AAP ज्वाइन करेंगे कई पूर्व कांग्रेसी, इससे पहले दो और कांग्रेस नेताओं ने सुबह-सुबह दिया इस्तीफा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद जो आशंका थी, उसी के मुताबिक अब आम आदमी पार्टी का कुनबा कांग्रेस से बढ़ने जा रहा है। आज तीन दर्जन से ज्यादा पूर्व कांग्रेसी छाबड़ा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ज्वाइन कर रहे हैं। इनमें कई कांग्रेस के पूर्व पदाधिकारी हैं। इससे पहले आज कांग्रेस से एक वर्तमान व एक पूर्व पदाधिकारी ने और इस्तीफा दे दिया है। कांग्रेस से इस्तीफों का यह सिलसिला कहां जाकर रुकेगा, इसके बारे में तो कोई नहीं जानता लेकिन इतना जरूर है कि कांग्रेस के यह हालात आम आदमी पार्टी को शहर में मजबूती की तरफ बढ़ाते दिख रहे हैं।

आज सुबह कांग्रेस से इस्तीफा देने वालों में चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के एससी सैल के उपाध्यक्ष कंवलजीत सिंह सिद्धू (मोंटी) तथा जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन-2 के पूर्व महासचिव विशाल कुमार (शैरी प्रधान) हैं। इन दोनों कांग्रेस नेताओं ने भी प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के समर्थन में इस्तीफा दिया है। श्रीमती सोनिया गांधी को भेजे इस्तीफे में इन्होंने भी पिछले दिनों प्रदेश कांग्रेस कमेटी की मीटिंग में छाबड़ा के लिए इस्तेमाल की गई भाषा व पारित किए गए प्रस्ताव पर रोष जताया है। इसके साथ ही इन दोनों नेताओं ने अब प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने का भी फैसला किया है।

इसके अलावा पिछले दिनों में जितने भी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दिया है, उनमें से अधिकांश आज प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। इसके लिए यहां आम आदमी पार्टी के कार्यालय में एक संक्षिप्त समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इसमें आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के नेताओं के अलावा AAP की पंजाब प्रदेश इकाई के भी कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी ज्वाइन करने के बाद यह पहला मौका है जब उनके नेतृत्व में पूर्व कांग्रेसजन AAP की सदस्यता लेने जा रहे हैं। इनकी संख्या तीन दर्जन से ज्यादा बताई जा रही है। लिहाजा, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के लिए यह एक और बड़ा झटका कहा जा सकता है।

error: Content can\\\'t be selected!!