मोदी सरकार ने भारत की अर्थव्यवस्था को तहस-नहस किया, करोड़ों लोग वापस गरीबी की रेखा के नीचे पहुंचे: पवन बंसल

पूर्व केंद्रीय मंत्री बंसल ने कॉरपोरेट टैक्स में कटौती और
अमीर उद्योगपतियों को करोड़ों की कर्ज माफी की आलोचना की

महंगाई पर दिल्ली की रैली और भारत जोड़ो यात्रा में चंडीगढ़ से जाएंगे सैकड़ों कांग्रेसी: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 28 AUGUST: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने आज मोदी सरकार पर दुनियाभर में कभी सबसे मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में से एक रही हमारे देश की अर्थव्यवस्था को नष्ट करने का आरोप लगाया। यहां चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए बंसल ने कहा कि भारत सिर्फ 8 साल पहले दुनिया में सबसे अधिक तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्थाओं में से एक था, परन्तु पिछले 8 साल से भारत की विकास दर लगातार हर साल एक नए निचले स्तर पर आ रही है, जिसके कारण पिछली सरकारों द्वारा गरीबी रेखा से ऊपर लाकर मध्यम वर्ग में लाए गए करोड़ों लोग वापस गरीबी रेखा के नीचे जाने पर मजबूर हो रहे हैं।

बंसल ने अमीर उद्योगपतियों पर लगाए जाने वाले कॉरपोरेट टैक्स में बार-बार कटौती और उन्हें दिए गए करोड़ों रुपये के ऋणों की माफी की आलोचना करते हुए कहा कि गरीबों और मध्यम वर्ग द्वारा उपभोग की जाने वाली आवश्यक वस्तुओं और खाद्य पदार्थों पर न बर्दाश्त होने वाले कर लगा दिए गए हैं। इस कारण देश में आर्थिक असमानता बड़े पैमाने पर बढ़ रही है। बंसल ने कहा कि आज देश में मौजूद बेरोजगारी की उच्च दर भी मोदी सरकार की गलत नीतियों का ही परिणाम है, जो देश में युवाओं के भारी आक्रोश का कारण बन रही है। केन्द्र सरकार ने बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए मध्यम लघु और सूक्ष्म उद्यमों को भारी चोट पहुँचाई है, जो देशभर में रोजगार सृजन का प्रमुख स्रोत थे। ऐसा करने से रोजगार के अवसर करीब करीब समाप्त हो गए हैं, जो देशवासियों को खास तौर पर युवाओं को आर्थिक बरबादी की तरफ धकेल रहे हैं। यह आरोप लगाते हुए कि असंवेदनशील केंद्र सरकार पेट्रोलियम उत्पादों पर हर साल 4 लाख करोड़ रुपए के करीब उत्पाद शुल्क कमा रही है, बंसल ने भाजपा से अपने लिए अप्रत्याशित लाभ के लिए पेट्रोल और डीजल पर ज़रूरत से ज़्यादा कर लगाने से परहेज़ करने को कहा।

राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर से शुरू होने वाली 3570 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा की आवश्यकता पर बल देते हुए बंसल ने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा देश में साम्प्रदायिक सौहार्द और भाईचारे पर घातक हमले किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह हिंदुत्व के प्रतीक सावरकर ही थे, जिन्होंने 1924 में पहली बार द्वि-राष्ट्र सिद्धांत को प्रतिपादित किया था, जिसे बाद में मुस्लिम लीग ने भी अपनाया। बंसल ने इस बात पर अफसोस जताया कि मौजूदा सरकार द्वारा भी पिछले आठ साल से उसी तरह का सांप्रदायिक जहर फैलाया जा रहा है, जिसकी चेष्टा आजादी से पहले ऐसे ही साम्प्रदायिक संगठनों और नेताओं ने की थी। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का उद्देश्य भाजपा द्वारा पैदा किया जा रहा सांप्रदायिक ध्रुवीकरण, सरकार द्वारा अपनी शक्तियों का दुरुपयोग करते हुए अपने राजनीतिक विरोधियों का दमन, मुद्रास्फीति, बेरोजगारी और अन्य मुद्दों पर केंद्र सरकार को निशाना बनाना है।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि पार्टी के 500 कार्यकर्ता 4 सितंबर को दिल्ली में महंगाई पे हल्ला बोल रैली में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि यह निर्णय भी लिया गया है कि भारत जोड़ो यात्रा में चण्डीगढ़ से सैकड़ों कार्यकर्ता भाग लेंगे, जिनमें से कई इस पांच महीने की लंबी यात्रा में पूरा 3570 किलोमीटर का रास्ता तय करेंगे। प्रैस वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता दर्शन दयाल जिन्दल, प्रदेश महासचिव विनोद शर्मा, नगर निगम पार्षद गुरबक्श रावत, गुरप्रीत गाबी, दर्शना, सचिन गालव, जिलाध्यक्ष रवि ठाकुर, सुरजीत ढिल्लों, प्रवीण नारंग और अन्य भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!