मोहाली के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नाम पद्मश्री बलबीर सिंह सीनियर के नाम पर रखा जाएगा

CHANDIGARH: प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी पद्मश्री बलबीर सिंह सीनियर की पुण्यतिथि पर 25 मई को मोहाली के हॉकी स्टेडियम में औपचारिक श्रद्धाँजलि समारोह करवा कर यह अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम उनको समर्पित किया जाएगा।

खेल विभाग के सरकारी प्रवक्ता के अनुसार पंजाब के खेल, युवा सेवाएं और एन.आर.आई. मामलों संबंधी मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी ने मोहाली के अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम का नाम पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर के नाम पर रखने की मंज़ूरी दे दी है और उनकी तरफ से यह हॉकी स्टेडियम पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को समर्पित किया जाएगा।

जि़क्रयोग्य है कि बलबीर सिंह सीनियर ने तीन बार ओलम्पिक चैंपियन बनने के लिए भारतीय हॉकी टीम में अहम भूमिका निभाई और आज तक कोई भी उनका ओलम्पिक फ़ाईनल का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सका है। उन्होंने 1952 की ओलम्पिक खेल के फ़ाईनल मैच में पाँच गोल दागे, जिसमें भारत ने नीदरलैंड पर 6-1 से जीत दर्ज की।

बलबीर सिंह सीनियर 1971 की विश्व कप विजेता भारतीय हॉकी टीम के मैनेजर और मुख्य प्रशिक्षक थे। उन्होंने खेल विभाग, पंजाब के डायरैक्टर के तौर पर सेवाएं निभाईं और नौजवानों को खेल जगत की ओर प्रोत्साहित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!