चंडीगढ़ में महंगे पानी पर बढ़ने लगा आंदोलनः सेक्टर-40 में भी दिया कांग्रेस ने धरना, इंटक ने धरने पर बैठी महिलाओं को किया सम्मानित

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट्स बढ़ाए जाने के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन फिर बढ़ने लगा है। मनीमाजरा में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के 9 दिन से चल रहे धरने के साथ आज सेक्टर-40 में भी ब्लॉक कांग्रेस ने धरना दिया। सेक्टर-40 में बस स्टॉप के नजदीक सुबह 10 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक चले इस धरने में इलाकावासियों ने भी अपना सहयोग दिया। उधर, मनीमाजरा में धरने पर बैठी महिलाओं को इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) ने सम्मानित किया। इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह ने धरने पर बैठी महिलाओं को पटका पहनाकर सम्मानित किया।

सेक्टर-40 में धरने पर बैठीं कांग्रेस पार्षद गुरबख्श रावत व अन्य।

सेक्टर-40 में यह लोग हुए धरने में शामिल

सेक्टर-40 में बस स्टॉप के नजदीक आयोजित धरने के दौरान भी कोरोना महामारी के चलते मास्क व उचित दूरी को ध्यान में रखते हुए थोड़ी-थोड़ी देर के लिए आकर कई निवासियों ने बढ़े हुए पानी के दामों पर विरोध जताया, जिनमें मुख्यतः रूप से स्थानीय पार्षद गुरबख्श रावत, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रधान राकेश बरोटिया, फोसवा के प्रधान वीएन शर्मा, डीएस सैणी, हरबंस सिंह, बीएस रन्धावा, एसके खोसला, एमआर भाटिया, हरीश थापर, हरप्रीत सिंह, इन्द्रजीत सिंह, अनिलशर्मा, बिक्रम बिष्ट, एसआर बाली, चरनजीत शर्मा, नरिनद्र कुमार, अर्जुन सिंह आदि शामिल थे।

भाजपा अध्यक्ष का वादा भी जुमला साबित हुआ

इस दौरान सभी ने एक मत से कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने 24×7 पानी की सप्लाई के बड़े बड़े वादे किए। सारा दिन तो दूर की बात है, अब सूरते हाल यह है कि जो सुबह-शाम पानी की सप्लाई आती है, उसमें भी ऊपरी मंज़िलों में पानी नहीं पहुंच पाता। साथ ही पानी के दाम 3 गुणा धक्केशाही से भाजपा पार्षदों ने बढ़ा दिए, जिस पर जब कांग्रेस ने उनके घरों का घेराव किया तो भाजपा अध्यक्ष ने यूटर्न लेकर पानी के दाम कम करने का वादा किया पर हाल ही में चण्डीगढ़ के प्रशासक ने पानी के दाम घटाने से साफ़ इनकार कर दिया। इस पर पानी के दाम कम करने का भाजपा अध्यक्ष का वादा भी महज जुमला ही साबित हुआ है।

अपनी ही नौटंकी में फंसती नजर आ रही भाजपा

लोगों ने कहा कि भाजपा की अजीब कारगुजारियां हैं। खुद भाजपा पार्षद पानी के दाम बढ़ाते हैं और फिर खुद ही कम करवाने की नौटंकी करते हैं लेकिन इस बार भाजपा अपनी ही नौटंकी में फंसती नज़र आ रही है और लोगों के पानी के बिल बढ़चढ़ कर आने से लोग नाराज हैं। ऐसे आलम में कांग्रेस हर हाल में लोगों के हक़ की आवाज़ उठाती नज़र आ रही है।

मनीमाजरा में धरने पर बैठीं महिलाओं को सम्मानित करने पहुंचे इंटक के पूर्व चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह व अन्य।


error: Content can\\\'t be selected!!