अब वार्ड स्तर तक उतरी कांग्रेसः चंडीगढ़ में भारी मतों से जीतेंगे नगर निगम चुनाव, भाजपा का सफाया तयः अनवार उल हक

कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार उल हक ने वार्ड प्रभारी के रूप में सेक्टर-38 में की पहली बैठक, कहा- भाजपा सरकार की मंहगाई की मार से हर वर्ग त्रस्त

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज करते हुए अब वार्ड स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ा दी है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष एवं नगर निगम चुनाव के वार्ड प्रभारी अनवार उल हक ने आज वार्ड नंबर-25 के सेक्टर-38 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए काम करने वाले लोगों को ही नगर निगम चुनाव में टिकट दिए जाएंगे।

गौरतलब है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने गत 13 अगस्त को ही पार्टी के उपाध्यक्षों व महासचिवों को नगर निगम चुनाव के लिए वार्डों का प्रभारी बनाते हुए उन्हें बूथ लेवल तक पार्टी को मजबूत करने का जिम्मा सौंपा है। दो-दो वार्डों के प्रभारी बनाए गए पार्टी के इन वरिष्ठ नेताओं को अपने क्षेत्र में नगर निगम चुनाव के लिए संभावित जिताऊ उम्मीदवारों का पैनल बनाने का निर्देश भी दिया है। इसी सिलसिले में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष अनवार उल हक ने आज वार्ड नंबर-25 के सेक्टर-38 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। अनवार उल हक को वार्ड नंबर-25 व 26 का प्रभारी बनाया गया है। प्रभारी के रूप में यह उनकी अपने क्षेत्र में पहली बैठक थी।

सेक्टर-38 में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, जसबीर सिंह बंटी व अन्य।

बैठक में पहुंचने पर प्रभारी एवं प्रदेश उपाध्यक्ष अनवार उल हक का प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीडी जिंदल, उपाध्यक्ष पवन शर्मा, कांग्रेस अर्बन-2 के जिला प्रधान जसवीर सिंह बंटी, राजेश शर्मा, रजनी तलवार, प्रदेश सचिव रमेश आहूजा, स्वराज अरोड़ा, ब्लाक प्रधान देवराज, राज रानी, मधु गुप्ता, विक्टर सिद्धू, डीएस साथी, मनीष लांबा आदि कांग्रेस नेताओं ने स्वागत किया।

इस मौके पर अनवार उल हक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल कर अपना मेयर बनाएगी। इस चुनाव में भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा के शासन से हर वर्ग के लोग परेशान हैं। आज भी केंद्र की मोदी सरकार ने गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। यह सरकार महंगाई से कोरोनाकाल में लोगों को और भी ज्यादा परेशान कर रही है। उन्होंने कहा कि लोगों के पास रोजगार नहीं हैं, बावजूद इसके भाजपा सरकार लोगों को परेशान करने पर तुली है। भाजपा सरकार की मंहगाई की मार से शहर, कालोनियों व गांवों के लोग त्रस्त है और चुनाव में भाजपा को चलता कर देंगे।

इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने एक सुर से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम कर पार्टी को नगर निगम चुनाव में भारी मतों से विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जिला प्रधान जसवीर बंटी के अलावा अन्य लोगों ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दावा किया कि कांग्रेस पार्टी की नीतियों को घर-घर पहुंचाया जाएगा, तांकि पार्टी से लोग और ज्यादा तादाद में जुड़ सकें।

error: Content can\\\'t be selected!!