अब गांवों में भाजपा को जवाब देने की तैयारी: चंडीगढ़ में पेंडू सम्मेलन आयोजित करेगी और BJP के खिलाफ आंदोलन छेड़ेगी कांग्रेस

भाजपा बड़े मुगालते में है, गांवों में कांग्रेस की मजबूती 2024 के लोकसभा चुनाव से साबित हो जाएगीः एचएस लक्की

CHANDIGARH, 3 APRIL: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की की अध्यक्षता में आज सेक्टर-35 स्थित राजीव गांधी कांग्रेस भवन में चंडीगढ़ के गांवों के कांग्रेस नेताओं की एक बैठक हुई, जिसमें गांवों के प्रमुख कांग्रेसी नेताओं ने हिस्सा लिया।

इस बैठक में निर्णय लिया गया कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस जल्द ही एक पेंडू सम्मेलन आयोजित करेगी, जिसमें यूटी चंडीगढ़ के गांवों से संबंधित मुद्दों को उठाया जाएगा। बैठक में कई नेताओं ने भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम द्वारा गांवों का विकास करने में विफल रहने का मुद्दा उठाया तथा कहा कि चंडीगढ़ के गांवों की स्थिति दयनीय है और दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है। चंडीगढ़ के गांवों से जुड़े अनसुलझे मुद्दों के खिलाफ कांग्रेस जल्द ही एक आंदोलन भी शुरू करेगी और हर गांव में धरना देगी।

बैठक को संबोधित करते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि भाजपा खयाली पुलाव पका रही है और मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रही है। लक्की ने कहा कि यदि भाजपा सोच रही है कि उसने चंडीगढ़ के गांवों से कांग्रेस का सफाया कर दिया है तो वह बहुत बड़े मुगालते में है। कांग्रेस चंडीगढ़ के गांवों में पहले भी मजबूत थी, अब भी मजबूत है और यह बात 2024 के लोकसभा चुनाव में भी साबित हो जाएगी।

गौरतलब है कि कांग्रेस से जुड़े रहे चंडीगढ़ के गांवों के कई नेता हाल ही में भाजपा में शामिल हो गए हैं। इस ज्वाइनिंग के दौरान भाजपा ने दावा किया था कि चंडीगढ़ के गांव कांग्रेस मुक्त हो गए हैं। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने अब भाजपा को इसी का जवाब देने के लिए रणनीति बनानी शुरू कर दी है। आज की कांग्रेस बैठक इसी का हिस्सा मानी जा रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!