चंडीगढ़ में कोरोना के हालात पर आप ने प्रशासक से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की, कांग्रेस में कलह का लगाया आरोप, भाजपा और व्यापार मंडल को भी घेरा

कांग्रेस और भाजपा लोगों के जीवन के साथ खेल रही हैं: चंद्रमुखी शर्मा

CHANDIGARH: शहर में कोरोना के हालात व लॉकडाउन को लेकर बनी परिस्थितियों के बीच आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से तुरंत एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है, ताकि शहर में करोना की रोकथाम के लिए सभी जनप्रतिनिधियों की सहमति से आम जनता के हित में एक सुनिश्चित पॉलिसी बनाई जा सके। यही नहीं, आम आदमी पार्टी ने लॉकडाउन के मुद्दे पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में कलह का आरोप लगाते हुए भाजपा व चंडीगढ़ व्यापार मंडल को भी आड़े हाथ लिया है।

कांग्रेस और भाजपा लोगों में शंका पैदा कर रहीं

आम आदमी पार्टी के प्रभारी व पूर्व पार्षद चंद्रमुखी शर्मा ने आज एक बयान जारी कर कहा कि कांग्रेस और भाजपा लोगों में शंका पैदा कर रही हैं, जिससे लोगों के बीच अनिश्चितता का माहौल बन गया है। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर को चाहिए कि वह सभी जनप्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श करके एक सुदृढ़ नीति बनाकर कोरोना से शहर के लोगों का बचाव करें। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ के निवासियों को सुरक्षित माहौल देने में विफल है। दूसरी तरफ चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी की आपसी कलह शहर के लिए दुख का सबब बन चुकी है। कांग्रेस और भाजपा लोगों के जीवन के साथ खेल रही हैं।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में मतभेद बहुत ज्यादा

चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि एक तरफ कांग्रेसी पार्षद एवं नगर निगम में विपक्ष के नेता दविंदर सिंह बबला चंडीगढ़ में लॉकडाउन की मांग कर रहे हैं और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने शहर में लॉकडाउन न लगाए जाने की बात की है, जिससे स्पष्ट है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस में मतभेद बहुत ज्यादा हैं। चंद्रमुखी शर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस शासित प्रदेशों राजस्थान, छत्तीसगढ़ में तो लॉकडाउन लगाया गया है लेकिन चंडीगढ़ के कांग्रेस नेता शायद लोगों के लिए गंभीर नहीं हैं।

लोगों के जीवन को बचाने वाले हर कदम का साथ देगी आम आदमी पार्टी

आम आदमी पार्टी के प्रभारी ने कहा कि नॉमिनेटेड काउंसलर एवं चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष चिरंजीवी सिंह व्यापारी वर्ग की सिर्फ सहानुभूति हासिल करने के लिए लॉकडाउन का विरोध कर रहे हैं, जबकि अब तक वह लोगों को कोरोना से बचाने के लिए कोई भी नीति नहीं बना सके हैं। इससे यह जाहिर है कि भाजपा अपने काम में बुरी तरह फेल हो चुकी है। चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ प्रशासन के उस हर एक कदम का साथ देगी, जो लोगों के जीवन को बचाने के लिए उठाया जाएगा।

error: Content can\\\'t be selected!!