पंचकूला निगम चुनावः एचएस लक्की ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में किया प्रचार, बहुमत से जीत का किया दावा

PANCHKULA: पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए शहर में प्रचार अभियान अब जोर पकड़ने लगा है। हरियाणा के मुख्य राजनीतिक दलों भाजपा-जजपा व कांग्रेस ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी है। इन राजनीतिक दलों की चंडीगढ़ प्रदेश इकाई के नेता भी पंचकूला में अपनी पार्टी के प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए डट गए हैं।

पंचकूला में चुनाव प्रचार के लिए अपने साथियों के साथ पहुंचे चंडीगढ़ के पूर्व डिप्टी मेयर एचएस लक्की।

मेयर व वार्ड-17 और 10 के कांग्रेस उम्मीदवारों के लिए मांगे वोट

शुक्रवार को चंडीगढ़ के पूर्व डिप्टी मेयर एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरमोहिंदर सिंह लक्की ने पंचकूला के वार्ड नंबर-17 से पार्षद पद के लिए कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय चौधरी तथा वार्ड नंबर-10 से पार्षद पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी गुरमेल कौर के पक्ष में अपने साथियों के साथ चुनाव प्रचार किया। इस दौरान एचएस लक्की ने लोगों से पंचकूला नगर निगम मेयर के लिए कांग्रेस उम्मीदवार उपेंद्र कौर अहलूवालिया के पक्ष में भी मतदान करने की अपील की।

पंचकूला के विकास को नई दिशा देगी कांग्रेसः लक्की

इस मौक पर एचएस लक्की ने भाजपा-जजपा की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए उन्हें जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार व हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार युवा, किसान, कर्मचारी समेत हर वर्ग की उम्मीदों पर पूरी तरह फेल रही हैं। उन्होंने कहा कि लोग आज कांग्रेस के शासन को पुनः याद कर रहे हैं तथा एक बार फिर कांग्रेस को सत्ता में देखना चाहते हैं। लक्की ने दावा किया कि लोगों के रुख से साफ है कि पंचकूला नगर निगम में भी कांग्रेस मेयर समेत पार्षदों की सीटों पर बहुमत हासिल करेगी तथा पंचकूला के विकास को नई दिशा देगी। गौरतलब है कि पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए 27 दिसम्बर को मतदान होगा और 30 दिसम्बर को मतगणना के बाद परिणाम घोषित होंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!