कांग्रेस ने चंडीगढ़ के प्रमुख नेताओं को दिया पंचकूला निगम चुनाव का चैलेंज, सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

पंचकूला के अलग-अलग वार्डों में ऑब्जर्वर लगाया

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में अहमियत के लिए पास करनी होगी यह अग्नि परीक्षा

CHANDIGARH/PANCHKULA: अगले साल होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने अपने प्रमुख नेताओं के सामने नया चैलेंज खड़ा कर दिया है। उन्हें एक ऐसी जिम्मेदारी सौंप दी है, जिसे लेकर पार्टी में हलचल मच गई है। इन नेताओं को चंडीगढ़ ट्राइसिटी के हिस्से पंचकूला में 9 दिन बाद होने जा रहे नगर निगम चुनाव की अग्नि परीक्षा में झोंक दिया गया है। पार्टी ने उन्हें अलग-अलग वार्डों में ऑब्जर्वर लगाया है। माना जा रहा है कि अब पंचकूला निगम चुनाव में उनके प्रदर्शन को देखकर चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के समय उनकी अहमियत का पैमाना तय किया जाएगा।

27 दिसम्बर को होगा पंचकूला निगम चुनाव
हरियाणा में शुरू हुई स्थानीय निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया के अंतर्गत पंचकूला नगर निगम के लिए भी चुनाव हो रहा है। यहां 27 दिसम्बर को मतदान होगा और 30 दिसम्बर को वोटों की गिनती के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। पंचकूला नगर निगम के लिए मेयर का चुनाव पहली बार सीधे मतदाताओं के बीच से हो रहा है। कांग्रेस ने मेयर पद के लिए पंचकूला की पूर्व महापौर उपेंद्र कौर अहलूवालिया को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि सभी 20 वार्डों में पार्षद पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं।

चंडीगढ़-पंचकूला का चोली-दामन सा रिश्ता
चंडीगढ़ ट्राइसिटी का हिस्सा पंचकूला हालांकि हरियाणा का जिला है लेकिन पंचकूला शहर चंडीगढ़ से सटा होने के कारण चंडीगढ़-पंचकूला का चोली-दामन सा रिश्ता है। इस लिहाज से चंडीगढ़ और पंचकूला की राजनीतिक गतिविधियों का असर एक-दूसरे शहर पर स्वाभाविक है। अपने कामकाज के लिहाज से रोजाना चंडीगढ़ में सक्रिय रहने वाले लाखों लोग पंचकूला के वोटर हैं। इस नाते चंडीगढ़ के नेताओं का पंचकूला के वोटर्स से संपर्क भी है। चंडीगढ़-पंचकूला के आपसी रिश्ते को इस तरह भी समझा जा सकता है कि चंडीगढ़ नगर निगम के मेयर रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता ज्ञानचंद गुप्ता अब पंचकूला से भाजपा विधायक हैं और इस बार उन्हें हरियाणा विधानसभा का अध्यक्ष बनाया गया। हरियाणा की कांग्रेस सरकार में उप-मुख्यमंत्री रहे चंद्रमोहन भी जब पंचकूला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ते रहे हैं तो वह भी चंडीगढ़ के कांग्रेस नेताओं को पंचकूला में चुनाव प्रचार के लिए बुलाते रहे हैं।

पहली बार चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस को जिम्मेदारी
अब पंचकूला नगर निगम चुनाव में पूरी चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस पार्टी प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के प्रयासों में जुटती दिखेगी लेकिन पंचकूला के तमाम चुनावों के इतिहास में यह पहली बार है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के तमाम प्रमुख नेताओं को न केवल यहां पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए उतारा जा रहा है, बल्कि ऑब्जर्वर के तौर पर उन्हें अपने व्यक्तिगत सियासी प्रदर्शन की भी बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।

अग्नि परीक्षा में उतारने का बड़ा कारण!
पार्टी सूत्रों के मुताबिक खास बात यह है कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के जिन प्रमुख नेताओं को पंचकूला नगर निगम चुनाव में ऑब्जर्वर बनाया गया है, उनमें अधिकांश वे लोग हैं, जो या तो चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में खुद टिकट के दावेदार हैं या फिर अपने समर्थकों को टिकट दिलवाना चाहते हैं अथवा जिनकी चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए टिकट वितरण में भूमिका रहने वाली है। ऐसे में पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले पंचकूला नगर निगम चुनाव को उनके लिए एक अग्नि परीक्षा के रूप में खड़ा कर दिया है। माना जा रहा है कि अगर इन नेताओं को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में अपनी अहमियत रखनी है तो उन्हें इस अग्नि परीक्षा को पास करना ही पड़ेगा। हालांकि कुछ कांग्रेस नेता ऐसे भी हैं, जिनको जातिगत और उनके कारोबारी समीकरणों को देखते हुए पंचकूला नगर निगम चुनाव में भेजा जा रहा है।

इन नेताओं को बनाया पंचकूला में ऑब्जर्वर

  • Subhash Chawla – Sector 16, 17, 18 (ward number 3)
  • Rajkumar Goyal – Sector 8, 9, 10 (ward number 4)
  • Pawan Sharma – Sector 12 (ward number 10)
  • Surinder Singh – Alipur, Alipur town Nagar (ward number 20)
  • Harpool Kalyan – khadag Mangoli (ward number 12)
  • Jitendra Bhatia – MDC sector-5 societies (ward number 2)
  • Davinder Singh Babla – sector 11 (ward number 11)
  • Dipa Dubey and Meenakshi Chaudhary – Sector 15 (ward number 5)
  • Anita Sharma – Sector 12-A (ward number 10)
  • Sheela Devi – Sector 21 (ward number 13)
  • HS lucky – part 4 Sector-23, 24, 25 (ward number 17)
  • Gurbaksh Rawat – Sector 19 (ward number 8)
  • Ram Charan Gupta – Sector 7 (ward number 3)
  • Shashi Shankar Tiwari – Indira Colony, Rajiv Colony (ward number 6)
  • Devendra Lubana – village Nada Sahib and ward number 18
  • Jeet Singh – Beer Ghaghar (ward number 16)
  • Gurucharan Dass Kala – Sector 2 khadag Mangoli (ward number 12)
  • Mohammad Sadiq – Dabkouri, Billa (ward number 20)
  • Jagjit Singh Gora Kang – saketri ,Bhainsa Tibba (ward number 1)
  • Rameshwar Giri – Sector 4 Haripur (ward number 11)
  • Mukesh Rai – Indira Colony (ward number 7)
  • Om Prakash Saini – Ramgarh to Billa (ward number 19)
  • Yadvinder Mehta – Sector 10 (ward number 4)
  • Lawrence Malik – Sector 20 Ashiyana (ward number 15)
  • Harjinder Singh Bawa – Sector 20 (ward number 14)
  • Lekhpal – Aashiyana Abhay Pur (ward number 9)
  • Sanjay bhajni – Sector 14 (ward number 9)
  • Mukesh Bassi – (ward number 17)

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने जारी की सूची
पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए ऑब्जर्वर लगाए गए चंडीगढ़ के प्रमुख कांग्रेस नेताओं की सूची चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने जारी की है। उन्होंने एक विज्ञप्ति में बताया कि चंडीगढ़ के पूर्व सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष व महासचिव (प्रशासन) पवन कुमार बंसल ने हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी शैलजा से विचार-विमर्श कर पार्टी के इन नेताओं को यह जिम्मेदारी सौंपी है। खास बात यह है कि इसमें चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत से विचार-विमर्श का कोई जिक्र नहीं है।

ये भी पढ़ें- पंचकूला निगम चुनावः एचएस लक्की ने कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में किया प्रचार, बहुमत से जीत का किया दावा

error: Content can\\\'t be selected!!