भारी जनसमर्थन मिलने का किया दावा, सामाजिक कार्यों से क्षेत्र में युवाओं के बीच भी बनाई है मजबूत पहचान
PANCHKULA, 25 APRIL (ANewsoffice): पंचकूला में नगर निगम चुनाव की गतिविधियां तेज हो गई हैं। आज नामांकन का अंतिम दिन था। लिहाजा, जहां कांग्रेस और भाजपा समेत अन्य दलों से मेयर पद व पार्षदगी के लिए प्रत्याशी चुनाव मैदान में कूद पड़े हैं, वहीं कई वार्डों से आजाद उम्मीदवार भी सामने आ गए हैं, जो दलीय प्रत्याशियों को कड़ी चुनौती दे सकते हैं। इसी कड़ी में वार्ड नंबर-10 से युवा चेहरे और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे तथा कई वर्षों से जनहित के मुद्दे उठा रहे सौरव चौधरी ने आज आजाद उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया।

इस दौरान उनके साथ अनेक युवा साथी और विभिन्न क्षेत्रों से सेवारत लोग भी मौजूद रहे। सौरव चौधरी ने कहा कि वह बीते कई वर्षों से समाज सेवा के क्षेत्र में हैं। भले ही जरूरतमंदों की मदद हो, रक्तदान शिविर लगाने का कार्य हो या फिर क्षेत्र (वार्ड) की समस्याओं के समाधान का कार्य हो, सदैव प्रयासरत रहे हैं। यही कारण है कि जब आज वह नामांकन दाखिल करने पहुंचे तो क्षेत्रवासियों ने उत्साह और उम्मीद के साथ उन्हें ऑल द बेस्ट कहा। सौरव चौधरी ने कहा कि उनका उद्देश्य राजनीति के पटल से जन सेवा करते हुए आवश्यक कार्यों को सरल बनाना और वार्ड को अग्रणी रखना है। सौरव चौधरी ने कहा कि वार्ड के लोगों ने विभिन्न दलों के नेताओं के वायदों को देखा है कि चुनाव के समय वे क्या-क्या दावे करते हैं लेकिन एक बार पार्षदगी मिलने पर लोगों का उनसे मिलना भी मुश्किल हो जाता है।
यही कारण है कि उन्होंने आजाद उम्मीदवार के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया है, ताकि वार्ड का हर बाशिंदा स्वयं को एक पार्षद के रूप में देख सके। सौरव चौधरी ने वार्ड के लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन्हें जन सेवा का मौका देने के लिए उनका साथ दें और वार्ड की सुंदरता के लिए अपना कीमती वोट उनकी झोली में डालें। उन्होंने कहा कि वार्ड के लोगों का विश्वास ही उनकी शक्ति है। उन्होंने भरोसा जताया कि व्यक्ति विशेष, परिवार और सामूहिक समर्थन से वह जीत अवश्य दर्ज करेंगे।

