UK से लौटा यात्री लुधियाना के फोर्टिस में भर्ती मिला, दिल्ली एयरपोर्ट से हुआ था लापता, अब अस्पताल पर कार्रवाई करेगा प्रशासन

CHANDIGARH: यूके से लौटकर दिल्ली एयरपोर्ट से कथित तौर पर लापता हुआ एक यात्री लुधियाना के फोर्टिस हॉस्पीटल में एडमिट मिला। कहा जा रहा है कि वह खुद ही इस अस्पताल में भर्ती हुआ था। लुधियाना के एडीसी का कहना है कि इस मामले में जिला प्रशासन को सूचित न किए जाने के आरोप में अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यहां भर्ती हुए व्यक्ति को अब दिल्ली के एलएनजेपी अस्पताल में भेज दिया गया है।

बताया जाता है कि यूके से लौटकर दिल्ली एयरपोर्ट से लापता होने के बाद इस यात्री के बारे में पंजाब प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया था। पंजाब के हर जिले में इसे खोजा जा रहा था।

गौरतलब है कि यूके में कोरोना वायरस का नया रूप सामने आया है। कल ही वहां दो अन्य नए वायरस से संक्रमित मिले हैं। कहा जा रहा है कि कोरोना का यह रूप पहले वाले से ज्यादा घातक है। दूसरे देशों में इसके प्रसार को रोकने के लिए दुनियाभर के 40 देश यूके से आवागमन पर रोक लगा चुके हैं। भारत सरकार ने भी 31 दिसम्बर तक यूके की फ्लाइट्स पर अस्थाई रोक लगा दी है। मंगलवार को यूके से भारत में अंतिम फ्लाइट्स आई थीं। इन फ्लाइट्स से आए यात्रियों का एयरपोर्ट पर ही कोरोना टैस्ट किया गया था। अमृतसर हवाई अड्डे पर 262 यात्रियों में 8 कोरोना पॉजिटिव मिले थे। हालांकि केंद्र सरकार का कहना है कि अभी तक देश में कोरोना के नए रूप का कोई मामला सामने नहीं आया है। (फोटोः सांकेतिक)

error: Content can\\\'t be selected!!