लोग भाजपा को उसके दुष्कर्मों के लिए कभी माफ नहीं करेंगे: एचएस लक्की

कांग्रेसजनों ने अर्धनग्न होकर नगर निगम के सामने किया प्रदर्शन, परवीन नारंग बोले-मनोज सोनकर मेयर की कुर्सी छोड़ें

CHANDIGARH, 10 FEBRUARY: चंडीगढ़ जिला शहरी कांग्रेस कमेटी ने 30 जनवरी को मेयर चुनाव के दौरान हुए कथित फर्जीवाड़े का विरोध करने के लिए आज चंडीगढ़ के सेक्टर-17 में नगर निगम कार्यालय के सामने पार्टी की जिला इकाई के अध्यक्ष परवीण नारंग बंटी के नेतृत्व में एक अनोखा प्रदर्शन किया। .

इस दौरान नगर निगम दफ्तर के सामने कड़कती ठंड में आक्रोशित कांग्रेसियों ने अपनी शर्टें उतार कर अधनंगे हो भाजपा की निन्दा करते हुए उसके खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शनकारी हाथों में भाजपा और चण्डीगढ़ प्रशासन विरोधी नारे लिखी तख्तियां लिए हुए थे।

इस अवसर पर चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर रोज विभिन्न प्रकार के विरोध प्रदर्शन आयोजित करके भाजपा जैसी तानाशाही और लोकतंत्र विरोधी पार्टी को शर्मसार करने की कोशिश कर रही है। यह घोषणा करते हुए कि कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर भाजपा को देश में लोकतंत्र को नष्ट नहीं करने देगी, लक्की ने कहा कि चण्डीगढ़ में मेयर चुनाव के दौरान भाजपा द्वारा खुलेआम की गई जालसाजी एवं धांधली के कारण दुनियाभर में चण्डीगढ़ शहर का नाम खराब हो रहा है। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा को उसके दुष्कर्मों के लिए कभी माफ नहीं करेंगे।

पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष परवीण नारंग बंटी ने कहा कि अवैध रूप से निर्वाचित नगर निगम के मेयर मनोज सोनकर को चंडीगढ़ के लोगों के हित में तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने मेयर मनोज सोनकर द्वारा अपने दफ्तर में पदभार सम्भाले जाने पर रोष जताते हुए कहा कि ऐसे मेयर का एक दिन भी पद पर बने रहना चंडीगढ़ की जनता का अपमान है। प्रदर्शन स्थल पर बोलने वाले अन्य कांग्रेस नेताओं में गुरचरण सिंह, मनोज लुबाना और नवी प्रमुख थे।

error: Content can\\\'t be selected!!