PM Modi ने ऊना में वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी तो चंडीगढ़ में भाजपाइयों ने ट्रेन का किया जोरदार स्वागत

हरियाणा के मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने ट्रेन में अंबाला तक सफर भी किया

CHANDIGARH, 13 OCTOBER: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज हिमाचल के ऊना से दिल्ली तक भारत की सबसे तेज चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का ऊना रेलवे स्टेशन पर हरी झंडी दिखाकर लोकार्पण किया। इस ट्रेन के चंडीगढ़ स्टेशन पहुंचने पर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सोम प्रकाश, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव तथा हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर के साथ चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के नेतृत्व में चंडीगढ़ के भाजपा कार्यकर्ताओं तथा हजारों की संख्या में सिख समुदाय व हिमाचलवासियों ने ट्रेन का जोरदार स्वागत किया।

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया कि इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहुंचे और मोदी जिंदाबाद के नारे लगाकर ट्रेन स्वागत किया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस इलाके के लोगों को बड़ी सौगात अर्पित की है। अब जहां हिमाचल के ऊना से केवल 5 घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे, वहीं इस ट्रेन से सिखों के ऐतिहासिक तीर्थ स्थल श्री आनंदपुर साहिब की कनेक्टिविटी भी दिल्ली से हो जाएगी। चंडीगढ़ के लोगों को शताब्दी के अलावा वंदे भारत ट्रेन से भी फायदा होगा। चंडीगढ़ से 3 घंटे से भी कम समय में दिल्ली पहुंचा जा सकेगा, जिसका सभी वर्गों को फायदा होगा। खासतौर से अधिकारी वर्ग, व्यपारी वर्ग, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा अन्य सभी वर्गों से सम्बंधित लोगों के सफर के समय में बचत होगी।

इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के अलावा हिमाचल के सहप्रभारी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टण्डन, मेयर सरबजीत कौर, महामंत्री चंद्रशेखर, रामवीर, वरिष्ठ उपमहापौर दिलीप शर्मा, उपमहापौर अनूप गुप्ता सहित सभी प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने वंदे भारत ट्रेन में अंबाला तक सफर भी किया। इनके अलावा केंद्रीय वाणिज्य मंत्री सोमप्रकाश, केंद्रीय रेल राज्य मंत्री अश्विनी कुमार वैष्णव, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर , हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ कई मंत्रियों व वरिश्ठ कार्यकर्ताओ ने भी इस ट्रेन में सफर किया।

error: Content can\\\'t be selected!!