अमित शाह के चंडीगढ़ दौरे से पहले ही पुलिस ने कई कांग्रेसियों को लिया हिरासत में

मोदी सरकार देश के प्रबंधन में अपनी चौतरफा विफलता से घबरा कर मानसिक संतुलन खो रही: एचएस लक्की

CHANDIGARH, 30 JULY: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आज चंडीगढ़ दौरे के दौरान उनके विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने अमित शाह के आने से पहले ही सुबह चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को एहतियातन हिरासत में ले लिया। कांग्रेस ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि अमित शाह के निर्देश पर काम कर रही चंडीगढ़ पुलिस नागरिकों के स्वतंत्रता के अधिकार को कुचल रही है, को कि गहरी चिंता का विषय है। हिरासत में लिए गए कांग्रेसजनों में रवि ठाकुर, मुकेश राय, मनोज लुबाना, लव कुमार, मोहम्मद सुलेमान, आशीष गजनवी, लेखपाल, धीरज गुप्ता, दीपक लुबाना आदि शामिल हैं। कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को तो कल शाम ही हिरासत में ले लिया गया था और उन्हें पुलिस थाने में रात बितानी पड़ी।

इसे चंडीगढ़ पुलिस की तानाशाही कार्रवाई बताते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने कहा कि ऐसा लगता है कि भाजपा की केंद्र सरकार देश का प्रबंधन करने में अपनी चौतरफा विफलता से घबरा कर अपना मानसिक सन्तुलन खो रही है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के लोग टैक्सों की मार, बढ़ती महंगाई, व्यापक बेरोजगारी तथा सरकारी महकमों में भ्रष्टाचार से परेशान व नाराज़ हैं। सरकार आम जनता से उनसे सम्बन्धित मुद्दों पर भी संवाद स्थापित कर पाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार में व्याप्त भय का स्तर इतना बढ़ चुका है कि गृह मंत्रालय को चंडीगढ़ प्रशासन को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के शांतिप्रिय कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का निर्देश देने के लिए मजबूर होना पड़ा, क्योंकि वह पिछले 6 सालों में हुई चण्डीगढ़ की दुर्दशा का कारण केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जानना चाहते थे। लक्की ने कहा कि निर्दोष कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर मोदी सरकार द्वारा सभी लोकतांत्रिक मूल्यों की धज्जियां उड़ा दी गई हैं। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने मोदी सरकार से आग्रह किया कि वह सरकार के संसाधन लोगों को विभाजित करने के लिए लगाने के बजाय देश के विकास पर लगाए और शासन व्यवस्था पर उचित ध्यान दे और भाजपा के विभाजनकारी एजेंडे का विरोध करने वाली पार्टियों के उत्पीड़न में अपने संसाधनों और ऊर्जा को बर्बाद न करे।

error: Content can\\\'t be selected!!