चंडीगढ़ में महंगे पानी का विरोध जारीः मनीमाजरा में 8वें दिन महिलाओं ने संभाली धरने की कमान

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम द्वारा पानी के रेट्स में बढ़ोत्तरी के खिलाफ मनीमाजरा ब्लॉक कांग्रेस की ओर से चल रहा धरना सोमवार को भी जारी रहा। आज 8वें दिन महिलाओं ने इस धरने की कमान संभाली और ब्लॉक महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता श्रीमती रानी गिरि, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती उर्वशी शर्मा, श्रीमती दर्शना, श्रीमती अनुराधा, श्रीमती शोभा मनीमाजरा में नगर निगम दफ्तर के बाहर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरने पर बैठीं।

पहले कोरोना पीड़ितों के भोजन की व्यवस्था की, फिर धरने पर बैठीं

इस मौके पर श्रीमती रानी गिरि ने बताया कि चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के आदेशानुसार उन्होंने अपने पति कांग्रेस नेता रामेश्वर गिरि के साथ मिलकर कोरोना संक्रमित लोगों, जो भोजन नहीं बना सकते थे, के लिए पहले भोजन की व्यवस्था की, फिर धरने पर बैठीं।

300 रुपए वाले बिल अब 1200 रुपए तक आ रहे

श्रीमती उर्वशी शर्मा ने कहा कि तमाम महिलाएं पानी के रेट्स बढ़ने से परेशान हैं। कोरोनाकाल में पहले ही घर का बजट बिगड़ा हुआ है, ऊपर से पानी के भारी-भरकम बिल परेशान किए हुए हैं। उन्होंने कहा कि पहले पानी का जो बिल 300 से 400 रुपए तक आता था, अब वही 1200 रुपए तक आ रहा है। इसलिए कोरोना महामारी के बीच भी कांग्रेस की महिला कार्यकर्ता जनता की आवाज बनकर सड़क पर बैठी हैं।

लोग भाजपा को नगर निगम से बाहर करने के लिए बैठे तैयार

इस दौरान चण्डीगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती मीनाक्षी भी मनीमाजरा स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर ब्लॉक कांग्रेस के चल रहे धरने में पहुंचीं। उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को फूल माला पहनाई व जलपान दिया। इस मौके पर श्रीमती मीनाक्षी ने कहा कि बीजेपी जब से सत्ता में आई है, लोग परेशान हैं। भाजपा पार्षद लोगों को भ्रमित करते हैं कि पानी के दाम कम कर दिए हैं, जबकि कोई रेट कम नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा शासित नगर निगम ने कोरोनाकाल में भी जिस तरह लोगों को परेशान कर रखा है, उसको देखते हुए लोगों ने अबकी बार भाजपा को नगर निगम से बाहर करने का मूड बना लिया है।

error: Content can\\\'t be selected!!