फिर पिता बनने वाले हैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, बोले- मार्च में आएगी घर में खुशी

गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश की जनता को खुद ही दी जानकारी

CHANDIGARH, 26 JANUARY: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान एक बार फिर पिता बनने वाले हैं। यह जानकारी भगवंत मान ने आज खुद गणतंत्र दिवस के अवसर पर लुधियाना स्थित पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी के मैदान में आयोजित किए गए कार्यक्रम में दी।

यहां मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सबसे पहले राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद अपने भाषण के दौरान जनता को खुशखबरी देते हुए मुख्यमंत्री मान ने कहा कि वह पिता बनने वाले हैं। मार्च तक उनके घर में खुशियां आएंगी। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी डॉक्टर गुरप्रीत कौर 7 महीने की गर्भवती हैं।

मुख्यमंत्री मान ने यह खुशी सार्वजनिक तौर पर इसलिए जाहिर की, क्योंकि वह प्रदेश की जनता को इस खुशी के जरिए एक संदेश देना चाहते थे। मान ने कहा कि जब से उनकी पत्नी गर्भवती हुई है, उन्होंने कभी अपनी पत्नी का टेस्ट नहीं करवाया और टेस्ट करवा कर उन्होंने कभी यह जानने की कोशिश नहीं की कि उनके घर बेटा आने वाला है या बेटी।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेश की जनता को इसके जरिए यह संदेश दिया कि किसी के भी घर में अगर कोई बेटी या बेटा जन्म लेता है तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ना चाहिए। बस, बस बच्चा तंदुरुस्त पैदा हो। मान ने कहा, पता नहीं किस वेश में आकर नारायण मिल जाएं। मान ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर बन गया है। सभी को वहां जाना चाहिए। हमारी दीवाली, हमारा दशहरा, हमारी लोहड़ी और हमारी वैशाखी सांझी है। हम धर्म और जाति की राजनीति नहीं करते। हम काम की राजनीति करते हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!