राजीव गांधी जयंतीः कांग्रेस पार्षद निर्मला देवी ने पर्यावरण प्रदूषण पर मलोया में आयोजित की पेंटिंग प्रतियोगिता

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने प्रतिभागी स्कूली बच्चों को किया पुरस्कृत, पर्यावरण संरक्षण की अपील की

CHANDIGARH, 21 AUGUST: दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 78वीं जयंती के उपलक्ष्य में मलोया कॉलोनी में कांग्रेस पार्षद निर्मला देवी ने स्कूली बच्चों के बीच पर्यावरण प्रदूषण के दुष्परिणामों के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए एक पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसका उद्देश्य बच्चों को देश के स्वतंत्रता संग्राम की प्रमुख घटनाओं के बारे में जानकारी देना भी था। इस कार्यक्रम में विशेष तौर पर पहुंचे चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 50 नवोदित चित्रकारों को पुरस्कार वितरित किए।

कार्यक्रम में पहुंचे चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की का स्वागत करते हुए मलोया के कांग्रेसजन व अन्य स्थानीय निवासी।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्षद निर्मला देवी ने छात्रों से भारत के गौरवशाली स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का गहराई से अध्ययन करने का आवाहन किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे शक्तिशाली ब्रिटिश शासन के खिलाफ एक सिद्धांतवादी और अहिंसक लड़ाई लड़ने के लिए दुनिया आज तक भारत की प्रशंसा करती है। उन्होंने निवासियों से एकल उपयोग वाले प्लास्टिक के इस्तेमाल को बंद करने का भी आग्रह किया तथा कहा कि ऐसा प्लास्टिक पर्यावरण के साथ खिलवाड़ कर रहा है और सबको इसे स्वेच्छा से त्याग देना चाहिए। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि स्वर्गीय प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए एक व्यापक नीति बनाई थी। यहां तक ​​कि पवित्र नदी गंगा को साफ करने के लिए गंगा कार्य योजना की शुरुआत भी की थी।

कार्यक्रम में उपस्थित लोग।

इस मौके पर स्थानीय ब्लॉक कांग्रेस प्रधान विजय यादव ने दिवंगत नेता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारत को संचार क्रांति में सही मायनों में विश्व गुरु बनाने में उनकी सकारात्मक सोच तथा गहन दूरदृष्टि की सराहना की। दिवंगत नेता राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने लोगों से उनके बताए रास्ते पर चलकर पर्यावरण को संरक्षित करने की अपील की। कार्यक्रम को दिलावर सिंह, राहुल, वासु, ऋषि कुमार, पार्षद गुरप्रीत गाबी, जसबीर बंटी, जीएस कम्बोज, हरफूल चंद कल्याण, एसए खान और दीपू आदि कांग्रेस नेताओं ने भी संबोधित किया।

error: Content can\\\'t be selected!!