डीएलएड परीक्षा जुलाई-2023 का परिणाम हुआ घोषित, 

एचटेट परीक्षा होगी 2 व 3 दिसम्बर को

CHANDIGARH, 13 OCTOBER: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा संचालित करवाई गई डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष-2020-22, 2021-23 व 2022-24 प्रथम व द्वितीय वर्ष (नियमित/रि-अपीयर) तथा प्रवेश वर्ष-2016 से 2019 मर्सी चांस परीक्षाएं जुलाई-2023 का परिणाम आज घोषित कर दिया गया है। सम्बन्धित छात्र-अध्यापक अपना परीक्षा परिणाम बोर्ड की अधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक से देख सकते हैं।

इस बारे में जानकारी देते हुए बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष- 2020-22, 2021-23 व 2022-24 प्रथम व द्वितीय वर्ष (नियमित/रि-अपीयर) तथा प्रवेश वर्ष-2016 से 2019 मर्सी चांस परीक्षाएं जुलाई-2023 की परीक्षा में कुल 32,349 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए।

उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2022-2024 प्रथम वर्ष (नियमित) में 16,849 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 8,013 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 47.56 रही है। डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2021-2023 द्वितीय वर्ष (नियमित) में 11,272 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 7,711 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 68.41 तथा प्रवेश वर्ष 2021-2023 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) में 2,816 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 1,622 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 57.60 रही है।

उन्होंने बताया कि डी.एल.एड. प्रवेश वर्ष 2020 प्रथम वर्ष (रि-अपीयर) में 313 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 172 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 54.95 तथा द्वितीय वर्ष (रि-अपीयर) में 809 छात्र-अध्यापक प्रविष्ट हुए, जिनमें से 622 उत्तीर्ण रहे, जिनकी पास प्रतिशतता 76.89 रही है।

बोर्ड प्रवक्ता ने आगे बताया कि डी.एल.एड. मर्सी चांस परीक्षा प्रवेश वर्ष -2016-2018 प्रथम वर्ष का परिणाम 61.90, द्वितीय वर्ष 70.45, वर्ष 2017-2019 प्रथम वर्ष का परिणाम 68.97, द्वितीय वर्ष 81.82, वर्ष 2018-2020 प्रथम वर्ष का परिणाम 81.25, द्वितीय वर्ष 88.37, वर्ष 2019-2021 प्रथम वर्ष का परिणाम 71.05, द्वितीय वर्ष 82.00 प्रतिशत रहा।
उन्होंने बताया कि इन परीक्षा परिणामों के आधार पर जो छात्र-अध्यापक अपनी उत्तरपुस्तिकाओं की पुन: जाँच अथवा पुनर्मूल्यांकन करवाना चाहते हैं तो वे निर्धारित शुल्क सहित परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि परीक्षा की संस्थावार Performance sheets शिक्षण संस्थाओं की लॉगिन आईडी पर भेजी जाएगी तथा परीक्षा में रि-अपीयर रहे छात्र-अध्यापकों के आगामी परीक्षा हेतु आवेदन-पत्र भी सम्बन्धित संस्था की लॉगिन आईडी के माध्यम से ऑनलाइन भरे जाएगें।

उन्होंने बताया कि प्रवेश वर्ष-2021-23 व 2022-24 डी.एल.एड. परीक्षा जुलाई-2023 में रि-अपीयर रहें छात्र-अध्यापकों की परीक्षा जनवरी-2024 में संचालित करवाई जानी है। इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने हेतु तिथियां निर्धारित कर दी गई है। रि-अपीयर परीक्षा के लिए शुल्क 800 रुपये प्रति विषय है, एक से अधिक विषयों में रि-अपीयर है तो परीक्षा शुल्क प्रति विषय 200 रुपये अतिरिक्त देय होगा व अधिकतम परीक्षा शुल्क 2000 रुपये प्रति छात्र-अध्यापक होगा। सम्बन्धित शिक्षण संस्थान बिना विलम्ब शुल्क 17 से 31अक्तूबर, 100 रूपये विलम्ब शुल्क सहित 01 से 07 नवम्बर, 300 रूपये विलम्ब शुल्क सहित 08 नवम्बर से 14 नवम्बर तथा 1000 रुपये विलम्ब शुल्क सहित 15 नवम्बर से 21 नवम्बर, 2023 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

इसके अतिरिक्त बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2023 का आयोजन 02 व 03 दिसम्बर, 2023 को करवाया जाएगा। इस बारे हरियाणा सरकार से अनुमति प्राप्त हो गई है। रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू कर दी जाएगी।

error: Content can\\\'t be selected!!