संवाद साहित्य मंच ने साहित्यकार अजैब सिंह औझला को सम्मानित किया

समारोह में आयोजित की गई काव्य गोष्ठी में कवियों ने समां बांधा

CHANDIGARH, 31 OCTOBER: साहित्य लिखने में व्यक्ति तभी सक्षम होता है जब उसे इस क्षेत्र की बारीकियों का ज्ञान हो, जिसके बाद वह सामान्य बातचीत से कुछ अन्य अंश जुटा लेता है। साहित्य कोई रिपोर्टिंग नहीं, बल्कि उससे जुड़ा एक अति सुक्ष्म पहलू है जो सारांश के साथ कहानी को बुनता चला जाता है। यह बात शहर के प्रसिद्ध साहित्यकार व वरिष्ठ पत्रकार अजैब सिंह औझला ने कही। वे संवाद साहित्य मंच द्वारा सेक्टर-40 में मंच के अध्यक्ष प्रेम विज के नेतृत्व में आयोजित संवाद व काव्य गोष्ठी समारोह में बतौर मुख्यअतिथि पहुंचे थे। इस दौरान उन्हें मंच द्वारा साहित्य के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देने के लिए सम्मानित किया गया।ं

काव्य गोष्ठी की आयोजक लेखिका विमला गुगलानी ने कार्यक्रम का शुभारंभ अपनी कविता के साथ किया, जिसके बाद मंच के सभी सदस्यों ने एक के बाद एक अपनी कविताएं सुनाई। इस काव्य गोष्ठी में भाग लेने वाले कवि, लेखक व साहित्यकारों में सुभाष भास्कर, डा. उमा शर्मा, राजेश कुमारी, डा. विनोद शर्मा, श्वेता गुगलानी, कुसुम तहलवाल, डा. अनीता अग्रवाल, डा. संगीता शर्मा कुंद्रा शामिल थीं। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानी उत्तराधिकारी एसोसिएशन चंडीगढ़ और आचार्यकुल चंडीगढ़ के अध्यक्ष केके शारदा भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

मंच के अध्यक्ष प्रेम विज ने सम्मानित साहित्यकार औझला के बारे में प्रकाश डालते हुए बताया कि वे शहर के एक वरिष्ठ पत्रकार भी हैं, जिन्होंने बाॅलीवुड के कई मशहूर अभिनेताओं व अभिनेत्रियों के साक्षात्कार लिए हैं और उन्हें प्रकाशित किया है, जिसके लिए उन्हें कई प्रतिष्ठत मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने अपने जीवन में बहुत मेहनत कर एक मुकाम हासिल किया है, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने बताया कि साहित्य लेखन व रिपोर्टिंग के चलते वह हाल ही में मुंबई में रियल्टी शो ‘बिग बॉस’ के सीजन-7 के उदघाटन समारोह का हिस्सा थे। इस अवसर पर साहित्यकार औझला ने सभी का आभार व्यक्त किया और आयोजन की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने अपनी विभिन्न साहित्यिक यात्राओं की कुछ दिलचस्प बातें भी सांझा की।

error: Content can\\\'t be selected!!