AAP के वरिष्ठ नेता संदीप भारद्वाज का निधन, फोर्टिज अस्पताल में ली अंतिम सांस

CHANDIGARH: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता संदीप भारद्वाज का आज 57 साल की आयु में निधन हो गया। वह करीब 2 महीने से बीमार चल रहे थे। उन्होंने आज शाम करीब 7 बजे फोर्टिज अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से चंडीगढ़ के राजनीतिक गलियारों में भारी शोक की लहर दौड़ गई।

संदीप भारद्वाज ने कांग्रेस पार्टी से राजनीति में कदम रखा था। वह पिछले साल तक चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के महासचिव थे लेकिन तत्कालीन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद उन्होंने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। छाबड़ा के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले संदीप भारद्वाज पहले नेता थे। बाद में जब छाबड़ा आम आदमी पार्टी में शामिल हुए तो संदीप भारद्वाज भी आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए थे। भारद्वाज को पार्टी ने चंडीगढ़ प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया था। दिसम्बर में हुए नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी उन्हें चुनाव लड़ाने जा रही थी लेकिन इसी बीच अचानक उनकी तबियत खराब हो गई तो उन्होंने निगम चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली थी। उनका फोर्टिज अस्पताल में कई दिन इलाज चला और ठीक होकर घर लौट आए थे लेकिन कुछ दिनों पहले तबियत फिर खराब होने पर उन्हें दोबारा फोर्टिज अस्पताल में भर्ती होना पड़ा, जहां आज शाम करीब 7 बजे उनका दुखद निधन हो गया।

आम आदमी पार्टी के सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा ने संदीप भारद्वाज के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने आज अपना घनिष्ठ साथी और चंडीगढ़ ने एक प्रतिभाशाली नेता खो दिया। छाबड़ा ने कहा कि यह उनके लिए निजी तौर पर बेहद दुखद और अपूर्णीय क्षति है।

error: Content can\\\'t be selected!!