सेवा पखवाड़ाः चंडीगढ़ भाजपा ने दूसरे दिन तीन जिलों में लगाए रक्तदान शिविर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने भी डोनेट किया ब्लड

सांसद किरण खेर ने भी रक्तदान शिविरों का किया दौरा, रक्तदाताओं को दी शुभकामनाएं

PM Modi’s birthday celebration CHANDIGARH, 18 SEPTEMBER: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Prime Minister Narendra Modi) के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा (Chandigarh Pradesh BJP) द्वारा कल से शुरू किए गए सेवा पखवाड़े के अंतर्गत आज चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के तीन जिलों में रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिनमें 268 यूनिट रक्तदान एकत्रित हुआ।

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता (State BJP Spokesperson) कैलाश चंद जैन ने बताया कि रविवार को चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा की भीमराव अंबेडकर जिला इकाई ने सेक्टर-37 के कम्युनिटी सेंटर में जिला अध्यक्ष रविंद्र पठानिया के नेतृत्व में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने मुख्य रूप से हिस्सा लिया तथा स्वयं भी रक्तदान किया। उनके साथ पार्टी के उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पूर्व महापौर रविकांत शर्मा, पूर्व पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली के अलावा जिला महामंत्री मीनाक्षी ठाकुर, रवि रावत, सभी मंडल अध्यक्ष, जिला व मंडल के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इसी प्रकार, भारत रत्न अटल जिला इकाई ने सेक्टर-50 के कम्युनिटी सेंटर में जिला अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा के नेतृत्व में रक्तदान शिविर लगाया, जिसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद के अलावा पूर्व सांसद सत्यपाल जैन तथा प्रदेश महामंत्री चंद्रशेखर ने मुख्य रूप से हिस्सा लिया। दीनदयाल उपाध्याय जिला इकाई ने जिला अध्यक्ष मनीष भसीन के नेतृत्व में मौलीजागरां में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर ने भी इन रक्तदान शिविरों का दौरा किया व रक्तदाताओं को शुभकामनाएं दीं। इन शिविरों में जिला महामंत्री संजीव वर्मा, भूपेंद्र सिंह सैनी, अश्विनी पराशर, वरिष्ठ कार्यकर्ता बाली जी, अवनीश बंसल, श्रवण मिश्रा सहित सभी मंडल अध्यक्ष व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने सभी कार्यकर्ताओं तथा रक्तदाताओं को शुभकामनाएं दीं। सूद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने जन्मदिन को उत्सव के रूप में न मनाकर सेवा के कार्यों को समर्पित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए सेवा ही सर्वोत्तम समर्पण है। उनका हर पल, हर क्षण केवल जनता की सेवा के लिए ही समर्पित है और उनकी इसी भावना के मद्देनजर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा द्वारा कल से शुरू किया गया सेवा पखवाड़ा गांधी जयंती 2 अक्टूबर तक चलेगा।

error: Content can\\\'t be selected!!