सेक्टर 43-B में कई विकास कार्यों की एक साथ हुई शुरुआत, फुटपाथ निर्माण और पार्किंग विस्तार से बदलेगी क्षेत्र की सूरत

पार्षद प्रेमलता ने कहा-वार्ड-23 के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना प्राथमिकता, यह कार्य केवल शुरुआत है, आने वाले समय में वार्ड के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के विकास कार्य किए जाएंगे

CHANDIGARH, 29 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर-23 के अंतर्गत सेक्टर 43-B के निवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। क्षेत्र में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और जन-सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से विकास कार्यों की आज औपचारिक शुरुआत कर दी गई। इस परियोजना का शिलान्यास पार्षद प्रेमलता ने किया, जिससे अब इस इलाके में लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। इस अवसर पर पार्षद प्रेमलता ने बताया कि सबसे प्रमुख कार्य सुरक्षित पैदल यातायात को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है।

सेक्टर 43-B में मकान नंबर 1127 से लेकर स्कूटर मार्केट तक, जो शोरूम और होटलों के पीछे का इलाका है, वहां 6 फुट चौड़े फुटपाथ का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर पेवर ब्लॉक भी लगाए जाएंगे, जिससे न केवल रास्ता मजबूत और टिकाऊ बनेगा, बल्कि बारिश के दिनों में कीचड़ और जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों को लंबे समय से इस मार्ग पर पैदल चलने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था, जिसे अब दूर करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। पार्षद प्रेमलता ने बताया कि इसके अलावा सेक्टर-43 के व्यस्त बाजार क्षेत्र में पार्किंग की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया है। शोरूम और होटलों के सामने अक्सर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रहती है।

इसे ध्यान में रखते हुए 15 फुट चौड़े पार्किंग क्षेत्र के विस्तार का कार्य शुरू किया गया है। साथ ही वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने के लिए ग्रिल लगाने का काम भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि बाजार आने-जाने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी। विकास कार्यों के शुभारंभ के मौके पर नगर निगम के कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनमें एक्सईएन अंकुर बंसल, एसडीओ अमन, जेई जगतार सिंह, परवीन अत्री, आरडब्ल्यूए प्रधान राजेश राय, लोकेश चोपड़ा, नरेश सलवान, मंजीत कौर, डीएस नाहर, अवतार सिंह, राकेश बहुगुणा और प्रदीप शर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे क्षेत्र की तस्वीर में अब सकारात्मक बदलाव आएगा। पार्षद प्रेमलता ने कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह कार्य केवल शुरुआत है। आने वाले समय में वार्ड के अन्य हिस्सों में इसी तरह के विकास कार्य किए जाएंगे। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि कार्यों की गुणवत्ता और समय पर पूर्णता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि लोगों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

error: Content can\\\'t be selected!!