AAP में बढ़ा शादाब राठी का कद, पार्षद मुनव्वर की जगह बने माइनॉरिटी विंग के प्रदेश अध्यक्ष

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले संगठन में इस बदलाव को माना जा रहा महत्वपूर्ण, अभी तक प्रदेश महासचिव थे शादाब राठी, प्रमोशन से समर्थकों में खुशी की लहर

CHANDIGARH, 10 JUNE (ANewsoffice): आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव से पहले प्रदेश माइनॉरिटी विंग में बड़ा बदलाव किया है। इसके तहत AAP ने माइनॉरिटी विंग के चंडीगढ़ प्रदेश महासचिव शादाब राठी को पदोन्नति देते हुए आज माइनॉरिटी विंग का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। अभी तक इस पद की जिम्मेदारी पार्षद मुनव्वर संभाल रहे थे। अब शादाब राठी को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने को पार्टी में राठी के बढ़ते कद के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पिछले दिनों सेक्टर-45 बुड़ैल क्षेत्र में डिवाइडिंग रोड बंद करने, हाउसिंग बोर्ड के मकानों में तोड़फोड़, LPG सिलेंडरों की किल्लत, सड़क, बिजली, पानी और गंदगी समेत तमाम जनसमस्याओं को लेकर लोगों के बीच शादाब राठी की निरंतर और विशेष सक्रियता को देखते हुए AAP हाईकमान ने शादाब राठी को प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रमोट करके उन्हें शहर में पार्टी की मौजूदगी बढ़ाने का इनाम दिया है।

शादाब राठी ने इसके लिए पार्टी के चंडीगढ़ प्रभारी एवं दिल्ली के विधायक जरनैल सिंह, चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विजय पाल सिंह, महासचिव सनी औलख, नगर निगम में विपक्ष के नेता हरदीप सिंह बुटेरला समेत पूरे पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया है और विश्वास दिलाया है कि वह पार्टी नेतृत्व की उम्मीदों पर खरा उतरने तथा आने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में पार्टी की शानदार जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। पार्टी में शादाब राठी के प्रमोशन से उनके समर्थकों में खुशी की लहर देखी जा रही है।

error: Content can\\\'t be selected!!