घरेलू LPG सिलेंडर पर ₹29 की बढ़ोतरी आम जनता पर महंगाई का एक और निर्मम व असहनीय हमला: एचएस लक्की

कहा-अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली भाजपा के शासन में स्थाई सरकारी नीति बन चुकी है महंगाई, आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी कांग्रेस पार्टी

CHANDIGARH, 7 JUNE (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की ने आज घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में ₹29 की बढ़ोतरी को देश की आम जनता पर मोदी सरकार द्वारा महंगाई का एक और निर्मम तथा असहनीय हमला बताया है। लक्की ने कहा कि चुनावों के दौरान सौ दिनों में महंगाई पर लगाम लगाने और जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वायदे करने वाली भाजपा सरकार आज हर घर का बजट तहस-नहस करने पर तुली हुई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में वृद्धि पर लक्की ने एक बयान जारी कर कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उसे देश की गरीब, मध्यमवर्गीय और गृहिणी महिलाओं की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों ने पहले ही जनता की कमर तोड़ रखी है, अब एलपीजी सिलेंडर पर बढ़ाया गया बोझ लोगों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।

उन्होंने कहा कि अच्छे दिनों का सपना दिखाने वाली भाजपा के शासन में महंगाई एक स्थाई सरकारी नीति बन चुकी है। जनता को राहत देने के बजाय केंद्र सरकार लगातार कीमतें बढ़ाकर अपने राजस्व कोष को भरने में लगी हुई है। हर बार जनता को अच्छे दिनों का सपना दिखाया जाता है लेकिन हकीकत में लोगों को सिर्फ महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक बोझ ही नसीब हो रहा है। लक्की ने कहा कि देश की करोड़ों गृहिणियां, मजदूर, कर्मचारी, छोटे व्यापारी और निम्न आय वर्ग के परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाना पूरी तरह जनविरोधी, असंवेदनशील और गरीब विरोधी फैसला है। यह बढ़ोतरी सीधे तौर पर हर घर की रसोई पर हमला है।

उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार तत्काल प्रभाव से एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में की गई वृद्धि वापस ले और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए। लक्की ने कहा कि कांग्रेस पार्टी आम जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखेगी और जनता की आवाज को बुलंद करती रहेगी।

error: Content can\\\'t be selected!!