स्मॉल फ्लैट मलोयावासियों ने प्रशासन के खिलाफ किया प्रदर्शन, अंधेरे में रहने को मजबूर

CHANDIGARH: मलोया कालोनी स्थित स्मॉल फ्लैट्स में रह रहे लोगों ने आज अपनी समस्याओं को लेकर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस महामंत्री शशिशंकर तिवारी के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।

इन लोगों ने बताया कि उन्हें सेक्टर-52 एवं सेक्टर-56 से यहां आए तकरीबन 10 महीना हो गए। पहले तो प्रशासन ने उनके साथ सौतेला व्यवहार किया कि वहां से उठाकर यहां 3000 रुपए महीना किराए पर मकान दिया, जबकि यहां कांग्रेस के शासन के समय तत्कालीन सांसद पवन कुमार बंसल के प्रयासो से सिर्फ 800 रुपए महीने पर अलॉटमेंट हुआ है। ऊपर से मूलभूत सुविधाएं 0 हैं। चारों तरफ जंगल ही जंगल है। कई बार शिकायत करने के बाद भी स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हुई हैं, जिस कारण रात्रि में लोगों को आने-जाने में दिक्कतें हो रही हैं। चोरियां भी हुई हैं।

लोगों ने कहा कि पार्कों का भी बुरा हाल है। कोई भी साफ-सफाई नहीं है। इस कारण पार्क में बच्चे खेल नहीं सकते। सड़कें टूटी हुई हैं। पानी के पाइपों में लीकेज हो रही है। उन्होंने कहा कि इन सब समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों ने चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड व नगर निगम में कई बार शिकायत दी है लेकिन कोई भी अधिकारी इन समस्याओं का समाधान करने को राजी नहीं है।

इस मौके पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस महामंत्री शशिशंकर तिवारी ने स्थानीय लोगों को आश्वासन देते हुए कहा कि इन सब समस्याओं को लेकर जल्द ही अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और समस्याओ का समाधान कराया जाएगा। अधिकारी नहीं सुनेंगे तो संघर्ष का रास्ता अपनाया जाएगा। इस अवसर पर स्थानीय नेताओं मे मेहराज बानू, राहुल कुमार, राजीव कुमार, दया देवी, आरती देवी आदि भी मौजूद थे।

error: Content can\\\'t be selected!!