चण्डीगढ़ में भारी टैक्स लगाने के दिन अब लद चुके हैं: कांग्रेस

इंडिया गठबंधन का मेयर बनने से शहरवासियों को भाजपा के भ्रष्टाचार से मुक्ति मिली: राजीव शर्मा

कहा- भाजपानीत नगर निगम ने चण्डीगढ़ की जनता पर 500 करोड़ रुपए का बोझ डाला

CHANDIGARH, 12 MARCH: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पिछले आठ साल में भाजपा और इसके द्वारा संचालित नगर निगम पर भारी भ्रष्टाचार में संलिप्त रहने और चण्डीगढ़ शहर और इसके उच्चस्तरीय नागरिक जीवन को तहस नहस करने का आरोप लगाते हुए भाजपा की कड़ी आलोचना की है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि अपने भ्रष्टाचार के चलते ही भाजपा नीत निगम ने चंडीगढ़ के लोगों पर 500 करोड़ रुपये का ऋण के रूप में बोझ डाल दिया, जिसका खामियाजा चण्डीगढ़ के नागरिक कई दशकों तक भुगतते रहेंगे।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में पार्टी प्रवक्ता राजीव शर्मा ने कहा कि पिछले 8 वर्षों के दौरान शहर के लोग भाजपा के नेतृत्व वाले नगर निगम द्वारा लगाए गए भारी भरकम और कमर तोड़ने वाले करों से जूझ रहे हैं। दिसंबर 2019 में भाजपा ने जल शुल्क में 300% की वृद्धि का प्रस्ताव पारित किया, जिसे भारी जन दबाव और कांग्रेस पार्टी के निरंतर विरोध के कारण स्थगित करना पड़ा। हालाँकि, अप्रैल 2022 में नगर निगम सदन में पार्षदों की खरीदोफ़रोख्त के चलते प्राप्त किए बहुमत की बदौलत भाजपा एक बार फिर पानी की दरें बढ़ाने में सफल रही। इसी तरह ही भाजपा द्वारा अपने चहेतों को पार्किंग के ठेके देने और पार्किंग शुल्क की वसूली में चल रहे भारी भ्रष्टाचार की कहानियाँ शहर वासी पिछले कुछ सालों से सुन रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आगे कहा कि कांग्रेस – आप गठबंधन के मेयर चुने जाने के बाद चंडीगढ़ के लोगों पर भारी टैक्स लगाने के दिन अब खत्म हो गए हैं। शहरवासियों को 20000 लीटर पानी मुफ्त देने और शहर की मार्कीटों में पार्किंग मुफ्त करने के नगर निगम के दो प्रस्तावों के निगम में पारित होने पर चंडीगढ़ के लोगों ने राहत की सांस ली है। इन दोनों प्रस्तावों को इंडिया ब्लॉक के पार्षद भाजपा के कड़े विरोध और राजनीतिक साजिशों के बावजूद पारित कराने में सफल रहे हैं। भाजपा के 40000 लीटर पानी को टैरिफ से मुक्त करने के बेतुके जवाबी प्रस्ताव की खिल्ली उड़ाते हुए कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि जिन लोगों ने एक बार पानी का टैरिफ 300% बढ़ाकर और फ़िर इसके बाद भी शहरवासियों पर 500 करोड़ रुपये के ऋण का ग़ैरज़रुरी बोझ डाल दिया था, वह आज 40000 लीटर पानी मुफ्त देने के प्रस्ताव लाने के लिए लिए मजबूर हो रहे हैं । राजनीतिक अवसरवादिता का इससे बड़ा उदाहरण मिलना मुश्किल है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भाजपा के भ्रष्टाचार और कुप्रबन्धन के कारण आम लोगों की आय और बचत तेजी से खत्म हो रही है, उन्होंने कहा कि आज शहर के लोगों को एहसास हो गया है कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों के तहत अमीर और अमीर होते जा रहे हैं, मध्यम वर्ग और गरीब अपनी कमाई की क्षमता तेज़ी से खो रहे हैं । उन्होंने उम्मीद ज़ाहिर की कि चण्डीगढ़ के वोटर आने वाले चुनावों में भाजपा को सबक सिखाने को तैयार बैठे हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!