चंडीगढ़ की कालोनियों के लोगों को मिलेगा मकान का मालिकाना हक, भाजपा व कांग्रेस में लगी श्रेय लेने की होड़

अरुण सूद बोले- प्रशासक ने हमारी मांग मानी, एचएस लक्की ने कहा-कल हमने उठाया था यह मुद्दा, जिस पर प्रशासक ने आज एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में की घोषणा

लाल डोरा, सी फार्म और वाहनों पर रोड टैक्स को लेकर भी हुआ फैसला

CHANDIGARH, 18 AUGUST: चंडीगढ़ की पुनर्वास कालोनियों में प्रशासन द्वारा शुरू किए गए सर्वे के बीच इन कालोनियों के लोगों के लिए एक अच्छी खबर आई है। चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने आज अपनी एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में पुनर्वास कालोनियों के लोगों को मकान का मालिकाना हक देने की घोषणा की है। इसके लिए जल्द ही एक पॉलिसी बनाई जाएगी। इसके बाद अब भाजपा व कांग्रेस में प्रशासक की इस घोषणा का श्रेय लेने की होड़ लग गई है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद का कहना है कि प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने भाजपा के अनुरोध पर यह फैसला किया है, जबकि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा है कि उन्होंने कल सेक्टर-25 की कालोनी में लोगों के बीच तथा आज प्रशासक की एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में यह मुद्दा उठाया, जिस पर प्रशासक ने मालिकाना हक वाली घोषणा की।

प्रशासक को ज्ञापन सौंपते अरुण सूद व अन्य।

लालडोरा के बाहर बनी सभी इमारतें भी होंगी नियमित, सी फार्म पर आएगी ओटीएस स्कीम, वाहनों पर रोड टैक्स की वृद्धि होगी वापसः अरुण सूद

सेक्टर-33 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा कार्यालय कमलम में आज एक प्रैस कांफ्रैंस करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि पुनर्वास कॉलोनियों को लेकर कल भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल उनके नेतृत्व में चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित से मिला था। इस प्रतिनिधिमंडल में मेयर अनूप गुप्ता, प्रदेश महामंत्री संगठन श्रीनिवास, प्रदेश महामंत्री चंद्र शेखर व रामवीर शामिल थे। सूद ने कहा कि भाजपा लंबे समय से मांग करती आ रही थी कि 1979 में पुनर्वास योजना के तहत जिन झुग्गी-झोपड़ी वासियों को फ्लैट आवंटित किए गए थे और जिसमें लगभग 80 से 90% लोगों ने एक बार यह फ्लैट अन्य व्यक्तियों को बेच दिए थे, इन फ्लैटों के खरीदने पर सभी लोगों को एक नई पॉलिसी लाकर मालिकाना हक दिया जाए। भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का भी यह एक मुद्दा था। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि प्रशासक ने भाजपा की इस मांग को स्वीकार करते हुए आज डिप्टी कमिश्नर को यह आदेश दिए हैं कि दो महीने के अंदर इन मकानों का सर्वे करके जो भी व्यक्ति GPA के आधार पर इन मकानों की मालकियत का दावा करता है, उसे एक नीति द्वारा मकान का मालिकाना हक दिया जाए।

अरुण सूद ने कहा कि भाजपा की मांग पर प्रशासक ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि वह शुक्रवार को एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में इसकी घोषणा करेंगे। आज एडवाइजरी काउंसलिंग की मीटिंग में इसका ऐलान होने पर भाजपा इसका स्वागत करती है तथा प्रशासक को भाजपा की मांग स्वीकार करने पर साधुवाद देती है। सूद ने चंडीगढ़ के हजारों ऐसे मकानों में रहने वाले लोगों को मालिकाना हक मिलने की घोषणा होने पर बधाई दी है तथा लोगों से अपील की है कि वह प्रशासन द्वारा होने वाले सर्वे में भाग लेकर अपने सभी दस्तावेज जमा करवाएं और प्रशासन का सहयोग करें। अरुण सूद ने कहा कि भाजपा किसी भी व्यक्ति को उसके मकान से बेदखल नहीं होने देगी तथा सभी घरों के मालिकाना हक उनके सही मालिकों को सुनिश्चित करवाएगी। देर शाम सैकड़ों लोगों ने भाजपा कार्यालय कमलम पहुंचकर इसके लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद तथा भाजपा का धन्यवाद किया तथा नाचते-गाते हुए मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर की। पुनर्वास कॉलोनियों के लोगों ने कहा कि भाजपा द्वारा दिया गया यह तोहफा उनके जीवन का सबसे बड़ा उपहार है।

अरुण सूद ने बताया कि भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से यह भी मांग की थी कि चंडीगढ़ के 23 गांवों में लाल डोरे से बाहर जितना भी निर्माण हुआ है, उसे नियमित किया जाए। इस पर प्रशासक ने आश्वासन दिया कि वह जल्द ही चंडीगढ़ के मास्टर प्लान में बदलाव करवाकर एक नीति के तहत इन सभी इमारतों को भी नियमित करवाने की शुरुआत करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि लाल डोरे के बाहर सभी निर्माण को नियमित करने की ओर बढ़ने का प्रशासक का फैसला चंडीगढ़ के ग्रामीण लोगों का सपना सच होने जैसा है। सूद ने बताया कि प्रशासक ने भाजपा प्रतिनिधिमंडल की मांग पर प्रशासन को यह भी आदेश दिए कि जल्द से जल्द अन्य राज्यों की तर्ज पर चंडीगढ़ के व्यापारियों के पास सी फॉर्म की उपलब्धता नहीं होने पर वन टाइम सेटलमेंट (OTS) नीति की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। इस पर अरुण सूद ने चंडीगढ़ के व्यापारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह व्यापारियों के लिए एक बड़ी राहत है।

सूद ने कहा कि गत दिनों प्रशासन द्वारा टू व्हीलर तथा फोर व्हीलर के रोड टैक्स में भारी वृद्धि की गई थी। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक से मांग की कि 15 लाख से कम की कारें व सभी दोपहिया वाहनों पर रोड टैक्स वृद्धि को वापस लिया जाए। अरुण सूद के मुताबिक प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने इस मांग को भी मानते हुए विश्वास दिलाया कि शहरवासियों को इसमें भी शीघ्र ही राहत दी जाएगी। अरुण सूद ने कहा कि रोड टैक्स में वृद्धि को वापस लिए जाने से चंडीगढ़ के मध्यम वर्ग तथा निचले वर्ग को भारी राहत मिलेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने कहा कि उक्त चार बड़े फैसलों से भारतीय जनता पार्टी ने शहरवासियों से किए अपने वायदों को पूरा किया है।

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की।

प्रशासक के सामने कालोनियों के साथ लालडोरा, टैक्सी चालकों और बाइक टैक्सी का मुद्दा भी उठायाः एचएस लक्की

इधर, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि पुनर्वास कालोनियों में रह रहे लोगों को मकान का मालिकाना हक देने का फैसला इन कालोनियों में रहने वाले लोगों के लिए एक बड़ी जीत है। लक्की ने कहा कि एक दिन पहले चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा कालोनियों में शुरू किए गए सर्वे से इन कालोनियों के लोगों में दहशत का माहौल था। लोग घबराए हुए थे। लोगों के बुलावे पर वह वीरवार को सेक्टर-25 की कालोनी में पहुंचे तथा प्रशासन से मांग की थी कि वह इस सर्वे का कारण स्पष्ट करे तथा इन मकानों में रह रहे लोगों को मकान का मालिकाना हक दिया जाए। एचएस लक्की ने कहा कि उन्होंने आज प्रशासक की एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में भी यह मुद्दा प्रमुखता से उठाया, जिस पर प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित ने चंडीगढ़ के डिप्टी कमिश्नर को यह घोषणा करने का निर्देश दिया कि कालोनियों में रहने वाले लोगों को उजाड़ा नहीं जाएगा, बल्कि प्रशासन उन्हें एकमुश्त राहत देने के लिए एक नीति तैयार करके उन्हें मकान का मालिकाना हक देगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने कहा कि प्रशासक ने एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में डिप्टी कमिश्नर से पूछा कि उन्होंने मीडिया में पुनर्वास कालोनियों के निवासियों के किए जा रहे सर्वेक्षण के बारे में पढ़ा है और इस सर्वेक्षण के कारण उनमें दहशत है। प्रशासक ने उपायुक्त से इस सर्वेक्षण और इसे करने की आवश्यकता के बारे में पूछा। लक्की ने कहा कि इस पर उन्होंने (एचएस लक्की) हस्तक्षेप किया और प्रशासक को पूरे मामले से अवगत कराया। प्रशासक को बताया कि इस सर्वे से कालोनियों के घरों में रहने वाले लाखों लोगों का जीवन प्रभावित होगा। उन्हें राहत देने की जरूरत है। इस पर प्रशासक ने बड़ी उदारता से डिप्टी कमिश्नर को पुनर्वास कालोनियों के निवासियों का डर दूर करने के लिए कहा और निर्देश दिया कि उन्हें राहत प्रदान की जानी चाहिए। मीटिंग में लक्की ने प्रशासक को इस कदम के लिए धन्यवाद दिया, जिससे इन कालोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को फायदा होगा। लक्की ने बताया कि प्रशासक की एडवाइजरी काउंसिल की मीटिंग में इसके अलावा उन्होंने टैक्सी चालकों और बाइक टैक्सी का मुद्दा भी उठाया। इस पर प्रशासक ने परिवहन सचिव को उनके प्रतिनिधियों की बैठक बुलाकर उनके मुद्दों को जल्द से जल्द हल करने का निर्देश दिया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने मीटिंग में लाल डोरा के विस्तार के मुद्दे पर कहा कि पंजाब की तरह लैंड पूलिंग योजना चंडीगढ़ में शुरू की जानी चाहिए और लाल डोरा के बाहर सभी निर्माणों को या तो नियमित किया जाना चाहिए या लैंड पूलिंग की जानी चाहिए। ग्रामीणों को इसी से लाभ होगा और यह लाल डोरा के बाहर निर्माण का स्थायी समाधान होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!