सेक्टर-42 न्यू लेक पर जुटे छठ पूजा के हजारों व्रती श्रद्धालु, धूमधाम से की पूजा-अर्चना

चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद ने भी पहुंचकर दी शुभकामनाएं, कहा-छठी मैया का व्रत किसी तपस्या से कम नहीं

CHANDIGARH, 30 OCTOBER: पूर्वांचल में मनाये जाने वाले सुप्रसिद्ध पावन पर्व छठ पर्व के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने सेक्टर-42 में न्यू लेक के समीप पूर्वांचल युवा समिति और पूर्वांचल समिति द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भाग लिया और समस्त प्रदेशवासियों को बधाई दी। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के जिला अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया, पूर्व पार्षद अनिल दूबे, युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री गणेश झा, सचिव ललित कंसल भी उपस्थित थे।

कार्यक्रम में भाग लेने आये चंडीगढ़ पुलिस के महानिदेशक परवीर रंजन का प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने पुष्पगुच्छ देकर अभिनन्दन किया। इसके उपरान्त पूर्वांचल समिति के अध्यक्ष वीके सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद और सभी गणमान्य व्यक्तियों को पटका डालकर सम्मानित किया। इस अवसर पर चंडीगढ़ की महापौर सर्वजीत कौर, निगम आयुक्त आनंदिता मित्रा, पूर्व पार्षद जगतार सिंह जग्गा भी उपस्थित थे। इसके उपरान्त पूर्वांचल युवा समिति के अध्यक्ष ब्रिजेश गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, जिला अध्यक्ष रविन्द्र पठानिया, प्रशिक्ष्ण प्रकोष्ठ के सह संयोजक रविकांत शर्मा, जिला महासचिव रवि रावत व मीनाक्षी ठाकुर, सचिव ललित कंसल को गमछा पहना कर स्वागत किया और सूद व पठानिया को स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को छठ पर्व की बधाई देते हुए अरुण सूद ने कहा कि न्यू लेक पर आज उमड़े जन समूह को देखने से ऐसा प्रतीत होता है जैसे मानो हम पूर्वांचल के किसी शहर में आ गए हों। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने जो व्यवस्था बनाई उसके लिए उनका आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने सभी व्रती माताओं और बहनों के कठिन व्रत का वर्णन करते हुए कहा कि 36 घंटे बिना अन्न व जल के इस व्रत को रखना कोई आसान कार्य नहीं है। ये हमारी मातृ शक्ति की ताकत ही है जो इस प्रकार के कठिन व्रत को रखती हैं। ये वाकई किसी तपस्या से कम नहीं। उन्होंने उपरोक्त दोनों संस्थाओं के सभी पदाधिकारियों का अभिवादन करते हुए कहा कि चंडीगढ़ में रह कर भी जिस प्रकार से मंचों के माध्यम से आप लोग पूर्वांचलियों को एक माला में पिरोये हुए हैं वो भी कोई आसान काम नहीं है। आप लोगों के प्रयास से ही देश के राज्यों के पर्व संस्कृति व सभ्यता की जड़ें सुदृढ़ हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!