मणिपुर के पीड़ितों के प्रति एकजुटता जताने के लिए रामदरबार के कांग्रेसियों ने निकाला मशाल मार्च

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की बोले- कार्रवाई के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रहीं केंद्र व मणिपुर की भाजपा सरकार

CHANDIGARH, 30 JULY: चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की रामदरबार ब्लॉक इकाई ने पिछले लगभग तीन महीनों से पीड़ित मणिपुर के लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए आज रामदरबार और औद्योगिक क्षेत्र फेज-2 में एक मशाल मार्च निकाला। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व स्थानीय निवासियों ने हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर सड़कों पर शांतिपूर्वक मार्च किया। इसमें चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने भी विशेष तौर पर शिरकत की तथा प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि मणिपुर में हालात बहुत खराब हैं। हजारों लोग अपनी जान बचाने के लिए अपने घरों से भागने को मजबूर हो गए हैं। कई लोग मारे गए हैं और कई लापता हैं। वहां कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर हो गई है। कई घर जला दिए गए हैं और सामान्य जनजीवन ठप्प है। लक्की ने कहा कि केंद्र व मणिपुर की भाजपा सरकार कार्रवाई के नाम पर सिर्फ दिखावा कर रही है। मणिपुर जल रहा है और मौजूदा हालात में सरकार के रवैये से वहां के लोगों को भविष्य में भी कोई राहत मिलती नहीं दिख रही है। लक्की ने मांग की कि केंद्र सरकार को तुरंत मणिपुर के लोगों को अधिकतम राहत प्रदान करनी चाहिए और उनका जीवन तथा स्वतंत्रता सुनिश्चित करनी चाहिए।

जिला कांग्रेस कमेटी शहरी-3 के अध्यक्ष परवीन नारंग बंटी ने कहा कि यह देखना वाकई शर्मनाक है कि मणिपुर में महिलाओं के साथ बहुत अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है और उनका जीवन अब वहां सुरक्षित नहीं है। रामदरबार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गुरचरण सिंह ने कहा कि वह सोशल मीडिया पर मणिपुर के हालिया वीडियो देखकर स्तब्ध हैं और महिलाओं की दुर्दशा देखकर दुखी हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश की महिलाओं की सुरक्षा करने में विफल रही है, जैसा कि हाल के दिनों में कई मामलों में देखा गया है। भाजपा का बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का नारा पूरी तरह खोखला नजर आ रहा है।

मशाल मार्च में शामिल हुए अन्य लोगों में राजीव मौदगिल, यादविंदर मेहता, राजदीप सिद्धू, बरिंदर रॉय, गुरचरण सिंह, बीएम खन्ना, मीरा, विक्टर, मनीष लांबा, नितिन कंवल, रानो, सोनू, ओमपाल चौटाला, जसवन्त पाल, प्रकाश कुमार, तारा चंद, आशीष वर्मा आदि के नाम प्रमुख हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!