आज फैसले का दिन: पंचकूला को मिलेगा नया मेयर और 20 वार्डों को नए पार्षद, मतगणना सुबह 8 बजे से, जानिए किस-किस की प्रतिष्ठा दांव पर

CHANDIGARH/PANCHKULA: पंचकूला का नया मेयर कौन होगा ? इसका फैसला बुधवार को यानी आज हो जाएगा। इसी के साथ शहर के 20 वार्डों को भी नए पार्षद मिल जाएंगे। पंचकूला नगर निगम चुनाव के लिए गत 27 दिसम्बर को हुए मतदान का परिणाम आज घोषित होने जा रहा है। इसके लिए वोटों की गिनती सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कालेज में की जाएगी। हरियाणा में पंचकूला के अलावा अम्बाला व सोनीपत नगर निगम के साथ रेवाड़ी नगर परिषद, सांपला, धारुहेड़ा और उकलाना नगर पालिका के चुनाव के परिणाम के लिए भी वोटों की गिनती आज होगी। हरियाणा में मेयर का चुनाव पहली बार आम मतदाताओं के जरिए ही कराया गया है।

सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कालेज में होगी वोटों की गिनती
मतगणना की प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए पंचकूला जिला प्रशासन ने कल ही तैयारियां पूरी कर ली थीं। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सेक्टर-14 स्थित गर्ल्स कालेज को जाने वाले रास्ते को दोपहर तक आम यातायात के लिए बंद किया गया है। वोटों की गिनती सुबह 8 बजे शुरू होगी। दोपहर तक रिजल्ट स्पष्ट हो जाने की उम्मीद है।

ज्ञानचंद गुप्ता, शैलजा व चंद्रमोहन की प्रतिष्ठा दांव पर
पंचकूला नगर निगम चुनाव के रिजल्ट पर सभी राजनीतिक दलों की नजर टिकी हुई है। यहां मेयर के लिए मुख्य मुकाबला भाजपा के कुलभूषण गोयल व कांग्रेस की उपेंद्र कौर अहलूवालिया के बीच है, जबकि पार्षद पद के लिए कुछ वार्डों में भाजपा व कांग्रेस के उम्मीदवारों को निर्दलीय टक्कर दे रहे हैं। इस चुनाव में पंचकूला के भाजपा विधायक व हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा व हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को भी प्रभावित करेगा पंचकूला का रिजल्ट
पंचकूला नगर निगम चुनाव का परिणाम अगले साल चंडीगढ़ में होने वाले नगर निगम चुनाव को भी प्रभावित करेगा। इसलिए चंडीगढ़ की भी इस चुनाव परिणाम पर सीधी नजर है। चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा व चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने पंचकूला निगम चुनाव में अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए जमकर चुनाव प्रचार भी किया था। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने तो अपने तमाम प्रमुख नेताओं की ड्यूटी इस चुनाव में लगा दी थी। यहां तक कि चंडीगढ़ के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष व महासचिव (प्रशासन) पवन कुमार बंसल भी पंचकूला में कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए चुनाव प्रचार करने पहुंचे थे। पंचकूला नगर निगम चुनाव के इतिहास में यह पहला मौका है जब चंडीगढ़ की दोनों प्रमुख पार्टियों भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने पूरी सक्रियता के साथ यहां चुनाव प्रचार में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

error: Content can\\\'t be selected!!