कल चंडीगढ़ में होगा उत्तर भारत के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और चंडीगढ़ के पार्टी प्रतिनिधियों को करेंगे संबोधित

CHANDIGARH, 11 OCTOBER: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव में उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के चुनाव प्रचार के प्रभारी सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने कल शाम 4 बजे यहां सैक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ के 517 पार्टी प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है।

चण्डीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता राजीव शर्मा ने बताया कि पार्टी के प्रदेश प्रतिनिधियों को मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा संबोधित किया जाएगा, जिसमें वह आने वाले वर्षों में पार्टी के लिए अपने दृष्टिकोण और भावी कार्यक्रमों को रखेंगे। बैठक में शामिल होने वालों में पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबिका सोनी, कांग्रेस के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, प्रताप बाजवा, आनंद शर्मा, हरीश चौधरी, राजीव शुक्ला, विवेक बंसल, अजय यादव, रवनीत बिट्टू, सुखविन्दर रन्धावा, कुमारी शैलजा, किरण चौधरी, मनीष तिवारी, राजिंदर राणा, मुकेश अग्निहोत्री, सुखविंदर सुखू, आशा कुमारी, कुलदीप राठौड़ समेत चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा व हिमाचल कांग्रेस के अन्य प्रदेश प्रतिनिधि शामिल रहेंगे।

चंडीगढ़ कांग्रेस के इतिहास में यह पहली बार है कि इतने महत्वपूर्ण गणमान्य नेता चंडीगढ़ कांग्रेस भवन में एक साथ आ रहे हैं। इस आयोजन को भव्य रूप देने के लिए स्थानीय कांग्रेसी बड़े उत्साह से तैयारियां कर रहे हैं। खड़गे शाम 5 बजे प्रैस वार्ता को भी संबोधित करेंगे। इस बीच, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के सदस्य और दिल्ली के पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्दर सिहं लवली ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए चल रही तैयारियों के तहत आज सैक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में आकर ज़रुरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया और चुनाव प्रबन्धन सम्भाल रहे कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

error: Content can\\\'t be selected!!