विशाल कुमार के नवप्रकाशित हिंदी कहानी संग्रह ‘शेड्स ऑफ करैक्टर’ का विमोचन

CHANDIGARH:  साहित्य विज्ञान केंद्र की ओर से विशाल कुमार के नवप्रकाशित हिंदी कहानी संग्रह ‘शेड्स ऑफ करैक्टर’ का विमोचन आज चंडीगढ़ प्रेस क्लब सेक्टर-27 में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार प्रेम विज ने की और प्रसिद्ध शायर अशोक भंडारी नादिर मुख्य अतिथि थे। सेवी रयात और गुरदर्शन मावी की उपस्थिति में पुस्तक का लोकार्पण हुआ।

पुस्तक पर बोलते हुए प्रेम विज ने कहा कि कहानी आज भी पाठकों में लोकप्रिय है। कहानियों की विशेषता यह है कि वह पाठक को बांधे रखती हैं। अशोक नादिर ने कहा कि लेखक की पहली पुस्तक ही उसकी कहानी के बारे में समझ को प्रदर्शित करती है। पुस्तक पर प्रपत्र पढ़ते हुए कवियत्री नीरू मित्तल ने कहा कि कहानियों में पात्रों के चरित्र  का गठन इतना अच्छा है कि एक बार पढ़ना शुरू कर लिया जाए तो बीच में छोड़ पाना असंभव है। मंच के अध्यक्ष सेवी रयात ने विशाल कुमार को इतनी कम उम्र में इतना सशक्त कहानी संग्रह निकालने के लिए बधाई दी। महासचिव गुरदर्शन मावी ने पुस्तक की कहानियों को रोचक व सनसनी से भरपूर बताया। इस मौके पर मलकीयत बसरा, दविंदर कौर, मलकीत नागरा, बलविंदर ढिल्लों ने गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। अवतार सिंह पतंग ने सभी का धन्यवाद किया।

error: Content can\\\'t be selected!!