भाजपा ने पहले जारी किया चंडीगढ़ में मुहर्रम की सरकारी छुट्टी की घोषणा का प्रेस नोट, बाद में कहा-गलती हो गई

CHANDIGARH: चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा ने चंडीगढ़ में मुहर्रम की सरकारी छुट्टी की घोषणा का आज एक ऐसा प्रेस नोट जारी कर दिया कि बाद में उसे यह भी कहना पड़ा कि यह प्रेस नोट गलती से जारी हो गया। पहले प्रेस नोट में कहा गया कि चंडीगढ़ प्रशासन ने भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद के आग्रह को मानते हुए शुक्रवार को मोहर्रम की सरकारी छुट्टी करने का ऐलान कर दिया है।

पहले प्रेस नोट में यह जानकारी देते हुए चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने बताया था कि भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मोर्चा अध्यक्ष अमजद चोधरी के नेतृत्व में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अरुण सूद से मुलाकात कर बताया कि इस वर्ष चंडीगढ़ में मुहर्रम की छुट्टी नहीं है, जिससे मुस्लिम समुदाय में मायूसी है।

जैन के मुताबिक अरुण सूद ने मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए तथा जानकारी संज्ञान में आते ही तुरंत प्रशासक से बात की व मोर्चे के डेलिगेशन के माध्यम से इस बारे में प्रशासक को ज्ञापन प्रेषित किया। प्रशासक ने भी अरुण सूद के आग्रह को मानते हुए तथा मुस्लिम समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए शुक्रवार 20 अगस्त को चंडीगढ़ में मुहर्रम की सरकारी छुट्टी करने की घोषणा कर दी।

जैन ने पहले प्रेस नोट में यह भी बताया था कि छुट्टी की घोषणा पर भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने प्रशासक वी.पी. सिंह बदनोर व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद का धन्यवाद किया व मुस्लिम समुदाय की भावनाओं का सम्मान करने के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल में मोर्चाध्यक्ष अमजद चौधरी के साथ उपाध्यक्ष अयूब खान, सचिव यूनुस, हाजी अब्दुल सत्तार, व हाजी इरफान शामिल रहे।

इसके करीब साढ़े चार घंटे बाद चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा प्रवक्ता कैलाश चंद जैन ने एक अन्य प्रेस नोट जारी कर कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा एक प्रेस नोट 20 अगस्त को मुहर्रम की छुट्टी किए जाने की घोषणा से संबंधित भेजा गया था। यह प्रेस नोट गलती से भेजा गया। गलत इंफॉर्मेशन आने की वजह से गलती हो गई, जबकि सच्चाई यह है कि मुहर्रम की स्वैच्छिक छुट्टी 19 अगस्त की थी, जिसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कहने के बाद 20 अगस्त के लिए स्वैच्छिक छुट्टी के रूप में तब्दील किया गया है। कृपया इस बारे में पहले भेजे गए प्रेस नोट को रद्द समझें।

error: Content can\\\'t be selected!!