ड्राइविंग व आत्मरक्षा की ट्रेनिंग लेने के लिए महिलाएं व लड़कियां 16 अक्तूबर तक करें आवेदन

CHANDIGARH, 14 OCTOBER: हरियाणा सरकार ने आजादी के अमृत महोत्सव श्रृंखला में अंत्योदय की भावना के साथ गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं व लड़कियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम चलाया है। हरियाणा महिला विकास निगम के माध्यम से पात्र परिवारों की महिलाओं को ड्राइविंग व आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

निगम के प्रवक्ता ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा महिला विकास निगम, पंचकूला द्वारा केवल हरियाणा की बी.पी.एल. (गरीबी रेखा से नीचे) स्थायी निवासी लड़कियों/महिलाओं के लिए मारुति सुजुकी प्रशिक्षण केंद्र, बहादुरगढ़ तथा अशोक लीलैंड चालक प्रशिक्षण संस्थान, कैथल  में 21 दिन का चालक प्रशिक्षण तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए लड़कियों व महिलाओं को हरियाणा राज्य की मूल निवासी तथा आयु 18-45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास (उच्चतर शैक्षणिक योग्यता को वरीयता दी जाएगी), अच्छी दृष्टि एवं वैध लर्नर लाइसेंस धारक होनी चाहिए। बी.पी.एल. या जिस परिवार की वार्षिक आय परिवार पहचान पत्र में केवल 1.80 लाख रुपये या इससे कम है उस परिवार की महिलाएं व लड़कियां ही आवेदन कर सकती हैं ।

उन्होंने बताया कि इस प्रशिक्षण हेतु प्रथम चरण में केवल कैथल, झज्जर, रोहतक तथा जींद जिलों के इच्छुक पात्र (महिला) उम्मीदवारों से 16 अक्टूबर,2023 तक ऑनलाइन तथा ऑफलाइन आवेदन पूर्णत: कालम-वाईज ठीक रूप से भरे हुए तथा वांछित प्रमाण-पत्रों की स्वयं सत्यापित प्रतियों सहित ई-मेल- 1982hwdc@gmail.com या पंजीकृत डाक तथा दस्ती तौर पर संबंधित जिला कार्यालय में आमंत्रित किए जाएंगे। इच्छुक पात्र को आवेदक अपना दूरभाष/मो0 नंबर, ई-मेल और सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां संलग्न करना अनिवार्य है।

error: Content can\\\'t be selected!!