महिलाओं ने सेक्टर-17 में निकाली पद यात्रा, नारी शक्ति वंदन अधिनियम का किया समर्थन

CHANDIGARH, 13 APRIL (ANewsoffice): नारी शक्ति वंदन अधिनियम के उपलक्ष्य में चंडीगढ़ की NGO व्हाइट फाउंडेशन वेलफेयर सोसाइटी, न्यू सक्षम वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन और संगीता हैंड एंड आई फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज सेक्टर-17 प्लाजा में नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने अधिनियम के समर्थन में हस्ताक्षर भी किए। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने के निर्णय को ऐतिहासिक और सराहनीय कदम तथा महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने वाला बताया।

इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से आई बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति समर्थन व्यक्त करना था। पदयात्रा के दौरान महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में अपनी सशक्त भूमिका को रेखांकित किया और नारी शक्ति –देश की शक्ति जैसे प्रेरणादायक नारों के साथ जागरूकता का संदेश दिया।

महिलाओं ने इस पहल के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनकी सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का निर्णय एक ऐतिहासिक और सराहनीय कदम है, जो महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देगा। महिलाओं ने कहा कि इस अधिनियम के लागू होने से राजनीति एवं निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी, जिससे समाज के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में जागरूकता फैलाने और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में महिलाएं और अधिक सशक्त होकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

error: Content can\\\'t be selected!!