चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने मास्क व सेनेटाइजर बांटकर मनाया स्वतंत्रता दिवस, लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान किया

CHANDIGARH: सेक्टर-35 स्थित चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने सोशल डिस्टेंसिंग की पालना करते हुए 74वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। इस मौके पर प्रदीप छाबड़ा ने राष्ट्रीय ध्वज लहराया।

लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए कांग्रेस ने संघर्ष कियाः बंसल

कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल ने उस वास्तविक स्वतंत्रता और उन लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने के लिए प्रयास करने को कहा, जिनकी रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी और स्वतंत्रता सेनानियों ने संघर्ष किया। चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि जो लोग ब्रिटिश शासन के दौरान हमेशा देश के हितों के खिलाफ खड़े रहे और स्वतंत्रता संग्राम में कभी भूमिका नहीं निभाई, वे आज भारत पर शासन कर रहे हैं और दूसरों को देशभक्ति का प्रमाण पत्र दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत के 74 वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर “देश का धरोहर” नामक एक ऑनलाइन वीडियो अभियान शुरू किया है। इसके तहत हर वैकल्पिक दिन पर एक नया वीडियो जारी किया जाएगा, जो देश की  उपलब्धियों की पूर्ण जानकारी देगा व स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में कांग्रेस पार्टी की भूमिका पर जानकारी दी जाएगी।  इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं को मास्क व सेनेटाइजर बांटे गए।

2020 देश के लिए कठिन वर्षः प्रदीप छाबड़ा

प्रदीप छाबड़ा ने कहा कि वर्ष 2020 देश के लिए एक कठिन वर्ष है, क्योंकि केन्द्र की मोदी सरकार नाकामियों व जनविरोधी फैसलों तथा कोरोनो वायरस महामारी में अनदेखी के कारण देशवासी भारी मुश्किलों का सामना कर रहे हैं। हमेशा की तरह कांग्रेस आने वाली समस्याओं से मौजूदा सरकार को अवगत कराती रही लेकिन सरकार आम आदमी के गंभीर मुद्दों को दरकिनार करती रही। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय को उस विरासत पर गर्व महसूस करना होगा जो भारत ने पिछले 73 वर्षों में बनाई है, जिसके कारण भारत एक महाशक्ति बना लेकिन मोदी सरकार की गलत सोच व नीतियों से आज देश बहुत गम्भीर दिशा की तरफ बढ़ रहा है, जो देशवासियों के लिए घातक होगा और हम सभी को इससे बचना होगा तथा देश को बचाना होगा।

error: Content can\\\'t be selected!!