बाल रामलीला एवं दशहरा कमेटी की बैठक में बनाई गई कार्यक्रम की रूपरेखा, जिम्मेदारियां तय की, रामलीला मंचन में होगा आधुनिक तकनीक का उपयोग
CHANDIGARH, 12 APRIL (ANewsoffice): बाल रामलीला एवं दशहरा कमेटी सेक्टर-43 की एक बैठक आज मनजीत कौर के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसमें आगामी रामलीला मंचन एवं दशहरा उत्सव के आयोजन को लेकर चर्चा की गई। इस मौके पर कमेटी की मुख्य संरक्षक पार्षद श्रीमती प्रेमलता, RWA के अध्यक्ष राजेश राय, विक्रम चोपड़ा, पीयूष, अभिषेक, अंकित, अनुज, प्रदीप शर्मा, यश मेहता, कबीर, सनी कुमार आदि मौजूद रहे।
सभी सदस्यों ने एकजुट होकर इस बार आयोजन को और ज्यादा भव्य,
सुव्यवस्थित, आकर्षक तथा सफल बनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान कमेटी सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करते हुए विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। रामलीला मंचन की तैयारियों, कलाकारों के चयन, मंच सज्जा, लाइटिंग, साउंड सिस्टम और दर्शकों के बैठने की व्यवस्था को लेकर विशेष चर्चा हुई। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक मैनेजमेंट, पार्किंग और साफ-सफाई को लेकर भी जिम्मेदारियां तय की गईं, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कमेटी ने निर्णय लिया कि इस बार रामलीला मंचन को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। साथ ही बच्चों और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। धार्मिक परंपराओं के साथ-साथ सामाजिक समरसता का संदेश देने पर भी जोर दिया गया। बैठक में यह भी तय किया गया कि आयोजन के दौरान प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
कमेटी के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह आयोजन पूरे सेक्टर का है और इसकी सफलता सभी की भागीदारी पर निर्भर करती है। कमेटी ने क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लें और रामलीला मंचन व दशहरा पर्व की गरिमा को बनाए रखें।

