समाज में समानता व भाईचारे को और ज्यादा सशक्त करने के लिए बाबा साहब के विचारों और संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने की जरूरत: लक्की
CHANDIGARH, 14 APRIL (ANewsoffice): चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस ने आज सेक्टर-35 स्थित कांग्रेस भवन में भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया, जिसमें बाबा साहब को श्रद्धापूर्वक पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एचएस लक्की ने बाबा साहब को नमन करते हुए देश में उनके ऐतिहासिक योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने भारतीय संविधान का निर्माण कर देश के हर नागरिक को समानता, न्याय और अधिकारों की मजबूत नींव प्रदान की।

उनका जीवन सामाजिक न्याय, समावेशिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की प्रेरणादायक मिसाल है। लक्की ने कहा कि आज के समय में बाबा साहब के विचारों और उनके द्वारा स्थापित संवैधानिक मूल्यों को आत्मसात करने की अत्यंत आवश्यकता है, ताकि समाज में समानता और भाईचारे को और ज्यादा सशक्त किया जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पार्षद और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर से बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने, उनके आदर्शों पर चलने और संविधान के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। साथ ही बाबा साहब के संघर्षपूर्ण जीवन और उनके अमूल्य योगदान को याद किया।

