कांग्रेस के आंदोलन को ले उड़ी AAP: अब 31 को कांग्रेस नहीं आम आदमी पार्टी करेगी निगम पर धरना-प्रदर्शन, जानिए क्यों हुआ ऐसा

CHANDIGARH: शहर के लोगों की समस्याओं और भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम की नीतियों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस द्वारा 31 अगस्त को निगम कार्यालय के बाहर किए जाने वाले धरना-प्रदर्शन को आज कांग्रेस ने अचानक स्थगित कर दिया। ऐसे में आम आदमी पार्टी इस मौके को ले उड़ी। अब AAP ने 31 अगस्त को BJP और नगर निगम के विरुद्ध निगम दफ्तर पर प्रदर्शन करने का ऐलान कर दिया है।

बता दें कि कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को कल ही आम आदमी पार्टी के संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी का राष्ट्रीय सह प्रभारी नियुक्त किया और आज छाबड़ा के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी एक्शन में आ गई। AAP चंडीगढ़ के संयोजक प्रेम गर्ग, सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा व नगर निगम चुनाव के कैम्पेन इंचार्ज चंद्रमुखी शर्मा ने बताया कि भाजपा शासित नगर निगम द्वारा शहर में लगाए गए अलग- अलग भारी-भरकम टैक्स व नगर निगम में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की और से 31 अगस्त को निगम कार्यालय पर सुबह 10 बजे से धरना व प्रदर्शन किया जाएगा। इसका नेतृत्व AAP के नवनियुक्त राष्ट्रीय सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा व नगर निगम चुनाव अभियान समिति के चेयरमैन चंद्रमुखी शर्मा व पार्टी के सभी सीनियर नेता करेंगे। गौरतलब है कि प्रदीप छाबड़ा के आम आदमी पार्टी में जाने के बाद भाजपा शासित चंडीगढ़ नगर निगम के खिलाफ AAP का यह पहला बड़ा धरना-प्रदर्शन होगा।

दूसरी ओर, चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने आज पार्टी कार्यकर्ताओं को सूचित किया कि वह (सुभाष चावला) और उनके पुत्र सुमित चावला अचानक बुखार से पीड़ित हो गए हैं। डॉक्टर ने जांच में उन्हें वायरल फीवर की पुष्टि की है। चावला ने इस स्थिति में पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं से 31 अगस्त को नगर निगम कार्यालय पर प्रस्तावित कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन के आयोजन के बारे मैं सुझाव मांगा। इस पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से मिली राय के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने सर्वसम्मति से इस धरना-प्रदर्शन के स्थगन और इसकी नई तारीख शीघ्र ही तय करने की घोषणा देर शाम को कर दी। इससे भाजपा ने राहत की सांस ली ही थी कि अब आम आदमी पार्टी के 31 अगस्त को ही नगर निगम कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन के ऐलान ने भाजपा के कान खड़े कर दिए हैं।

error: Content can\\\'t be selected!!