चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में AAP का मास्टर स्ट्रोकः सभी प्रकार की सुविधाओं को निशुल्क देने का किया वायदा

आप ने पेश की भावी योजना की रूपरेखाः कामकाजी महिलाओं के बच्चों लिए बनाए जाएंगे क्रैच, सीनियर सिटीजन के लिए सभी वार्ड्स में मुहैया करवाई जाएगी मुफ्त ई-रिक्शा

भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर नगर निगम को लूटा: प्रदीप छाबड़ा

CHANDIGARH: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में तेजी से उभरकर लोगों के बीच पैंठ बना रही आम आदमी पार्टी (AAP) ने मंगलवार को मास्टर स्ट्रोक खेल दिया। पार्टी के सह प्रभारी एवं चंडीगढ़ के पूर्व मेयर प्रदीप छाबड़ा तथा AAP की नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा ने एक संयुक्त प्रेस कांफ्रैंस की और पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के निर्देशों के बाद ऐलान कर दिया कि चंडीगढ़ में नगर निगम की तरफ से लोगों को दी जाने वाली हर प्रकार की सुविधाएं आम आदमी पार्टी निशुल्क उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ शहर को फिर से नंबर 1 बनाने के लिए आम आदमी पार्टी वचनबद्ध है, जिसे लेकर हाल ही में आम आदमी पार्टी ने लोगों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को लेकर सर्वे करवाया है।

नगर निगम चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि आप ने चुनाव से पहले ही शहर की दशा और दिशा बदलने की ओर काम शुरू कर दिया है। इस संबंध में चंद्रमुखी ने बताया कि उन्होंने अपनी टीम के साथ मिलकर शहर के लोगों से उनकी समस्याओं को लेकर सर्वे करवाया था। सर्वे के आधार शहर से जुड़े जो भी मामले सामने आए थे, उनका सुझाव समेत उन्होंने रोडमैप लोगों के बीच रखा। जन की आवाज के नाम से शहर के 35 वार्डों में करवाए गए इस सर्वे में 21987 लोगों से उनकी समस्या और सुझाव लिए गए थे, जिसमें 18 से 35 उम्र के 12622 पुरुष तथा 9365 महिलाएं शामिल थीं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी एमसी चुनाव में पूर्ण बहुमत से जीत हासिल कर शहर वासियों के लिए मुफ्त 20000 लीटर पेयजल, वाईफाई हॉटस्पॉट, स्मार्ट पार्किंग जैसी तमाम सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराएगी। इसके अलावा आम आदमी पार्टी एक मैकेनिज्म के तहत लोगों को निशुल्क गार्बेज कलेक्शन की सुविधा मुहैया कराएगी। उन्होंने बताया रोजमर्रा की जरूरत के लिए लोगों को खासकर सीनियर सिटीजन के लिए मार्केट व अस्पताल जाने के लिए निशुल्क ई-रिक्शा भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी स्कीम के तहत निगम के प्रत्येक वार्ड में निशुल्क एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। चंद्रमुखी शर्मा ने बताया की मृतकों के लिए करवाए जाने वाली प्रार्थना सभा के लिए वार्ड के सभी कम्युनिटी सेंटर की बुकिंग मुफ्त होगी। उन्होंने आगे बताया कि शहर में कामकाजी महिलाओं के लिए अपने छोटे बच्चों को क्रैच में रखने की काफी दिक्कत होती है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए शहर के हर वार्ड में क्रैच का निर्माण करवाया जाएगा, जहां महिलाएं नाममात्र शुल्क देकर अपने बच्चों को छोड़ सकेंगी। क्रैच में आया भी नियुक्त की जाएंगी और बच्चों की सुरक्षा की गारंटी भी सुनिश्चित की जाएगी।

वहीं, बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए चंद्रमुखी शर्मा ने कहा कि शहर की सभी मुख्य सड़कों पर सीसीटीवी कैमरा लगाकर बीजेपी विकास का ढिंढोरा पीट रही है लेकिन हकीकत में यह कैमरे सिर्फ चालान काटने तक ही सीमित रह गए हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी नगर निगम चुनाव जीतने के बाद शहर के सभी अंदरूनी सड़कों व गलियों में सीसीटीवी कैमरे लगाएगी, जिनका सबसे बड़ा फायदा महिलाओं को होगा। उन्होंने कहा कि दिल्ली की तर्ज पर शहर के हर वार्ड में मोहल्ला क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे। दिल्ली मॉडल की तर्ज पर मेन्टोरशिप प्रोग्राम किए जाएंगे जिसके तहत लोगों को स्वच्छता व महामारी से बचाव और उनसे निपटने के लिए जागरूकता कार्यक्रम कराए जाएंगे।

error: Content can\\\'t be selected!!