ANO की विश्वसनीयता पर मुहरः एचएस लक्की बने चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस के नए अध्यक्ष, पार्टी में जश्न का माहौल

CHANDIGARH: 12 JUNE: खबरों के मामले में ANews Office (ANO) की विश्वसनीयता पर आज एक बार फिर मुहर लग गई। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी ने चंडीगढ़ के पूर्व डिप्टी मेयर हरमोहिंदर सिंह लक्की को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। पिछले करीब सवा साल से इस पद पर रहे चंडीगढ़ के पू्र्व मेयर सुभाष चावला ने कल शाम पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की नाराजगी के चलते अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। चावला की जगह अब एचएस लक्की को चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस की कमान सौंपे जाने की सूचना हमने सबसे पहले आज दोपहर को ही दे दी थी, जबकि लक्की की नियुक्ति का पत्र कांग्रेस के दिल्ली मुख्यालय से शाम को जारी किया गया है। इससे पहले 4 फरवरी 2022 को हमने यह भी खबर प्रकाशित कर दी थी कि चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से सुभाष चावला को हटाने का मन बना चुके पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने नए अध्यक्ष के लिए एचएस लक्की के नाम पर मुहर लगा दी है।

आज दोपहर को प्रकाशित खबर ?

चावला ने स्वेच्छा से नहीं दिया इस्तीफा, जानिए कौन होगा चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष, घोषणा देर शाम तक संभव

4 फरवरी 2022 को प्रकाशित खबर ?

हो गया तयः सुभाष चावला हटाए जाएंगे चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कुर्सी से

कौन हैं एचएस लक्की ?
48 साल के एचएस लक्की पेशे से वकील हैं और चंडीगढ़ के डिप्टी मेयर रह चुके हैं। उन्होंने डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ से छात्र नेता के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया और चंडीगढ़ के युवा कांग्रेस व जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे। वह दो बार पंजाब विश्वविद्यालय के सीनेट और सिंडिकेट सदस्य भी रहे। लक्की विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और खेल संगठनों से भी जुड़े रहे हैं। चंडीगढ़ प्रदेशिक कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनने से पहले लक्की चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव और मुख्य प्रवक्ता का पद संभाल रहे थे। लक्की को पूर्व केंद्रीय मंत्री और वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष पवन कुमार बंसल का करीबी माना जाता है।

लक्की की नियुक्ति के बाद कांग्रेस में जश्न का माहौल

चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर एचएस लक्की की नियुक्ति के बाद यहां कांग्रेस में जश्न का माहौल है। दिल्ली से लक्की की नियुक्ति का पत्र जारी होते ही समर्थकों ने उन्हें फूल-माला से लाद दिया तथा उनका जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर लक्की ने कहा कि उनकी प्राथमिकता चंडीगढ़ में पार्टी को मजबूत करना और चंडीगढ़ में जनहित के विभिन्न मुद्दों को उठाना होगा। चंडीगढ़ में कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाया जाएगा और 2024 के संसदीय चुनाव के लिए यहां पार्टी को तैयार किया जाएगा। लक्की ने यह भी कहा कि सभी कांग्रेसी, जो किसी तरह उपेक्षित रहे हैं, उन्हें पार्टी में वापस लाया जाएगा।

एचएस लक्की का नियुक्ति पत्र।
error: Content can\\\'t be selected!!